कोविड-19 संक्रमित मरीजों की संख्या देश में लगातार बढ़ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 1007 नए मामले सामने आए हैं और 23 लोगों की मौत हुई है। इनके बाद देश में अब कोरोना पाॅजिटिव मामलों की संख्या 13387 हो गई है। जिनमें 11201 मामले सक्रिय है, 1749 लोग स्वस्थ हो कर घर जा चुके हैं और 437 लोगों की इस खतरनाक वायरस से मौत हो चुकी है।
कोरोना वायरस के चलते दिल्ली पुलिस के एक एसएचओ समेत 26 पुलिसकर्मियों को क्वारंटीन किया गया है। ये सभी पुलिसकर्मी दो कोरोना संक्रमित पाए गए पुलिस कांस्टेबल के संपर्क में आए थे। वहीं जम्मू-कश्मीर के बारामुला जिले में 75 साल के एक कोराना मरीज की मौत हो गई है। जिसके वहां मरने वालों की संख्या 5 हो गई है।
महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, आज राज्य में कोरोना संक्रमण के 228 नए मामले सामने आए है और सात लोगों की मौत हो गई है। जिसके बाद राज्य में कोरोना वायरस के मरीजों की कुल संख्या 3204 हो गई है और अब तक 194 लोगों की मौत हो चुकी है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज प्रदेश के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि किसी व्याक्ति के पास राशन कार्ड है या नही, आधार कार्ड है या नही, अगर व्यक्ति जरूरतमंद है तो उसे आवश्यक खाद्य सामाग्री उपलब्ध कराई जाएगी। यहां तक कि अगर व्यक्ति प्रवासी है तो भी उसे भोजन और राशन उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज आरबीआई की घोषणाओं की प्रशंसा की है। पीएम मोदी ने कहा कि आरबीआई द्वारा आज की गई घोषणाओं से छोटे उद्योगों, किसानो और गरीबों को फायदा मिलेगा।