छिंदवाड़ा में कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम, जीतू पटवारी बोले- 365 दिन जनता के बीच रहेगा संगठन
छिंदवाड़ा में कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम, जीतू पटवारी बोले- 365 दिन जनता के बीच रहेगा संगठन
छिंदवाड़ा में छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिला कांग्रेस कमेटी के मंडलम, ब्लॉक एवं नगर अध्यक्षों के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शामिल हुए। पूर्व सांसद नकुलनाथ समेत कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती, विचारधारा, संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर मार्गदर्शन दिया।
छिंदवाड़ा में छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिला कांग्रेस कमेटी के मंडलम, ब्लॉक और नगर अध्यक्षों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की विचारधारा और लोकतांत्रिक मूल्यों से अवगत कराना तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों के लिए उन्हें तैयार करना रहा।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद नकुलनाथ, प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी और कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। नेताओं ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका, जनसंपर्क और आगामी कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण बातें साझा कीं। इस दौरान जिला कांग्रेस प्रभारी सुनील जायसवाल, छिंदवाड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, पांढुर्णा जिला कांग्रेस अध्यक्ष जतिन उइके, विधायक सुनील उइके समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस संगठन का पुनर्निर्माण केवल नए पदों का गठन नहीं है, बल्कि विचार, कार्यकर्ता और जनता के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि पूरे मध्य प्रदेश में संगठन के नए सृजन के साथ कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है। उनका कहना था कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही मजबूत संगठन की नींव रख सकता है।
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक ऐसा संगठन तैयार करना है जो हर समय जनता के बीच मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन अब केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाला संगठन नहीं, बल्कि 365 दिन जनता के बीच रहने वाला संगठन बनेगा।
उन्होंने दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत को कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठनात्मक एकजुटता और जनता के भरोसे का परिणाम बताया। पटवारी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी, महंगाई, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और प्रदेश की वित्तीय स्थिति को लेकर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता से कई बड़े वादे किए थे, लेकिन सरकार उन वादों को पूरा करने में विफल रही है। पटवारी ने लाड़ली बहनों को 3,000 रुपये प्रतिमाह देने के वादे, रोजगार और पेट्रोल-डीजल की कीमतों से जुड़े मुद्दों को उठाया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने का आह्वान किया।