कांग्रेस ने मोदी सरकार पर कोरोना वैक्सीन को लेकर एक बयान पर पलटवार किया है। सरकार ने एक दिन पहले ही कहा कि हर व्यक्ति को कोरोना का टीका लगाने की जरूरत नहीं है। इसी पर कांग्रेस ने मोदी सरकार से स्पष्टीकरण मांगते हुए पूछा कि आखिर किन लोगों को कोरोना वायरस का टीका लगाया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने कहा कि उन्होंने घोषणा किया था कि हर भारतीय को इस संक्रमण के विरूद्ध टीका लगाया जाएगा। लेकिन बाद में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ऐलान किया कि देश में हर इंसान को टीका लगाने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर इसको लेकर ट्वीट किया।
कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री ने कहा कि हर भारतीय को कोविड टीका मिलेगा। लेकिन प्रधानमंत्री का बयान स्वास्थ्य मंत्रालय के यह कहने के बाद जुमला में बदल गया कि पूरे देश का टीकाकरण नहीं किया जाएगा। ’’
पार्टी ने अगले ट्वीट में सवाल किया, ‘‘ प्रधानमंत्री एक दिन जुमला फेंकते हैं, अगले दिन उस जुमले की पोल खुल जाती है। जब देश में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा था, तब प्रधानमंत्री कह रहे थे कि हम संभली हुई स्थिति में हैं। लेकिन हकीकत है कि विश्व में सबसे अधिक केसों में हम दूसरे नंबर पर हैं।’’
कांग्रेस पार्टी ने आगे लिखा, “प्रधानमंत्री कहते हैं कि हर भारतीय को कोरोना का टीका मिलेगा। लेकिन प्रधानमंत्री के इस वक्तव्य को स्वास्थ्य मंत्रालय जुमला साबित कर बताता है कि पूरे देश को वैक्सीन नहीं लगेगी। देश पूछ रहा है- प्रधानमंत्री हर बार जुमले क्यों फेंकते हैं?”
कांग्रेस पार्टी ने पीएम मोदी पर आरोप लगाते हुए आगे लिखा, “प्रधानमंत्री टीवी पर आते हैं, 20 लाख करोड़ का जुमला सुनाते हैं। वित्तमंत्री को जुमले को विस्तृत रूप से समझाने में 4 दिन लगते हैं; क्योंकि जुमला 20 लाख करोड़ का था, हकीकत में राशि 2.5 लाख करोड़ से भी कम की थी और उसका लाभ भी जनता को कहाँ मिल पाया?”
पार्टी ने आगे लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर वक्तव्य ने अपनी आभासी छवि को बचाने के प्रयास में देश को अपमानित किया है। गलवान घाटी में हमारे सैनिकों के साथ हुई बर्बरता के बाद प्रधानमंत्री का बयान ‘ना कोई घुसा है..’ ने चीन को क्लीनचिट देने का काम किया था।”
कांग्रेस ने सरकार को ‘यू टर्न’ सरकार करार दिया और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि हर भारतीय को कोरोना टीका मिलेगा लेकिन कुछ ही दिन बाद स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि सरकार ने देश में सभी नागरिकों के टीकाकरण की बात कभी नहीं की।
आप को बता दे कि स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मंगलवार को कहा था, ‘मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि सरकार ने देश में सभी नागरिकों के टीकाकरण की बात कभी नहीं की। महत्वपूर्ण यह है कि हम ऐसे वैज्ञानिक मुद्दों पर बस तथ्यात्मक सूचना के आधार पर चर्चा करें और फिर उसका विश्लेषण करें।’