रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
नई दिल्ली : पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों से जनता का हाल पहले ही बेहाल था । इसी बीच IGL ने CNG-PNG के दामों में भी बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है । इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी यानी कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस के दाम 70 पैसे / किलोग्राम बढ़ाए गए हैं। जिसके बाद दिल्ली में सीएनजी की कीमत बढ़कर 43.40 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है । जबकि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी 49.08 रुपये प्रति किलोग्राम में मिलेगी ।
इसके अलावा पीएनजी के दामों में भी इजाफा हुआ है । पीएनजी यानी पाइप्ड नेचूरल गैस की कीमत दिल्ली/एनसीआर में 91 पैसे से बढ़ा दी गयी है। इसी के साथ दिल्ली में पीएनजी की कीमत 28.41 रुपये प्रति एसएम हो गयी है। बता दें कि यह बढ़ी हुई कीमतें 6 बजे से लागू होंगी।
इसके अलावा विमान ईंधन (Aviation Turbine Fuel- ATF) की कीमतों में भी सोमवार को 6.5 % का इजाफा किया गया । सार्वजनिक क्षेत्र की फ्यूल कंपनियों ने एटीएफ के बढ़े दामों को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया है। जिसके मुताबिक एटीएफ के दाम 3,663 रुपये प्रति किलोलीटर यानी 6.5 फीसदी बढ़ाए गए हैं।
अधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी महीने से लेकर अभी तक जेट फ्यूल की कीमतों में तीसरी बार बढ़ोतरी हुई है । इससे पहले 16 फरवरी को विमान ईंधन के दाम 3.6 फीसदी बढ़ाए गए थे । इससे पहले एक फरवरी को विमान ईंधन के दाम 3,246.75 रुपये प्रति किलोलीटर किया गया था ।