1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. केदारनाथ में हो रही भारी बर्फबारी की वजह से केदारनाथ में फंसे सीएम योगी और सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत

केदारनाथ में हो रही भारी बर्फबारी की वजह से केदारनाथ में फंसे सीएम योगी और सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
केदारनाथ में हो रही भारी बर्फबारी की वजह से केदारनाथ में फंसे सीएम योगी और सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत

केदारनाथ धाम में कपाट बंद होने से पहले जोरदार बर्फबारी हुई है। बर्फबारी की वजह से धाम के आस पास ठंड भी काफी बढ़ चुकी है। इस समय गंगोत्री धाम में भी भारी बर्फबारी हो रही है।

यहां धाम के कपाट बंद होते ही अचानक मौसम बदला और बर्फबारी शुरू हो गई, जिससे समूची गंगा घाटी बर्फ से सफेद हो गयी.सड़कों के उपर बर्फ ही बर्फ नजर आ रही है। बर्फबारी का असर आवागमन पर भी पड़ा है।

केदारनाथ में भारी बर्फबारी लगातार जारी है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केदारनाथ में ही फंसे हैं। दोनों मुख्यमंत्रियों को कपाट बंद होते ही 8:30 पर बद्रीनाथ के लिए उड़ना था।

इस बर्फबारी में हेलीकॉप्टर का उड़ना संभव नहीं है। इसलिए मौसम सही होने का इंतजार किया जा रहा है। इस वक्त दोनों ही सीएम केदारनाथ में ही हैं।

गौरतलब है कि उत्तर भारत समेत कई पहाड़ी राज्यों में भी मौसम ने अचानक करवट ली है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल में हुई बर्फबारी और यूपी, दिल्ली, राजस्थान समेत कई राज्यों में रविवार को हुई बारिश के कारण तापमान एकाएक नीचे आ गया है।

ताजा पश्चिमी विक्षोभ और तेज चल रही हवाओं ने सिहरन पैदा कर दी हैं। पहाड़ी इलाकों में बर्फ की सफेद चादर ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट देखी जा सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में रविवार की शाम को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। पूरे दिल्ली एनसीआर एकाएक बारिश शुरू हुई। बारिश की वजह से मौसम तो साफ हुआ ही, साथ ही दिल्ली की हवाएं नम हुईं।

दीवाली के बाद से ही मौसम ने करवट ले ली है। जिसके कारण कई राज्‍यों में बारिश हो रही है और अभी होगी भी। एक निजी एजेंसी के ताजा अनुमान के मुताबिक, देश के 7 राज्‍यों और 70 शहरों में अगले दो दिन तक तेज हवाओं के साथ तेज बारिश हो सकती है।

बारिश के कारण तापमान में गिरावट होगी और अब ठंड बढ़ेगी। इन 7 राज्‍यों में मुख्‍य रूप से दिल्‍ली, मध्‍य प्रदेश, राजस्‍थान हरियाणा, पंजाब और उत्‍तर प्रदेश के कई शहर शामिल हैं।

आने वाले 24 घंटों में दिल्ली एनसीआर के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में बारिश हो सकती है।पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में तकरीबन 15 सितंबर के बाद से ही मौसम शुष्क बना था। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बारिश से प्रदूषण राहत मिली है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...