भोपाल। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के शुभारंभ के अवसर पर मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MPYPIL) ने IIM इंदौर और स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA), भोपाल के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में MPYPIL के प्रबंध संचालक मनीष सिंह और स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर भोपाल के निदेशक प्रोफेसर डॉ. कैलाश राव एम के बीच MoU का आदान-प्रदान किया गया। यह समझौता मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के संचालन और परिवहन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं में सहयोग के लिए किया गया।
MoU के जरिए यात्री परिवहन और उससे जुड़ी अधोसंरचना के क्षेत्र में शैक्षणिक एवं तकनीकी विशेषज्ञता का लाभ लेने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। इससे परिवहन व्यवस्था की योजना, प्रबंधन और संचालन को लेकर विशेषज्ञ सहयोग मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। फिल्म के माध्यम से सेवा से जुड़े प्रमुख पहलुओं और इसके उद्देश्यों को प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा से संबंधित पुस्तिका का विमोचन किया गया। पुस्तिका में सेवा की प्रमुख व्यवस्थाओं और इससे जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई है।
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के शुभारंभ और शैक्षणिक संस्थानों के साथ हुए समझौते को प्रदेश में यात्री परिवहन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और आधुनिक बनाने की दिशा में एक कदम के तौर पर देखा जा रहा है।