मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उन्हें गर्व है कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और आज वैश्विक स्तर पर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत और विश्व के लिए प्रेरणादायक बताया।
मुख्यमंत्री ने आपातकाल के दौर में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सभी लोकतंत्र सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि उस कठिन समय में जिन्होंने यातनाएँ सहकर भी लोकतंत्र की रक्षा की, वे सभी सम्मान के पात्र हैं।
सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आजादी के बाद यदि किसी ने सबसे अधिक संविधान का दुरुपयोग किया है, तो वह कांग्रेस है। उन्होंने कहा कि यह प्रवृत्ति कई पीढ़ियों तक देखने को मिली है।

उन्होंने कहा कि ऐसे में सवाल उठता है कि कांग्रेस आज किस मुंह से लोकतंत्र और संविधान की दुहाई देती है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता की ताकत का उपयोग कई बार जनता को दबाने के लिए किया है।
सीएम के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और इसे लेकर सियासी बहस तेज होने की संभावना है।