बुरहानपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मार्गदर्शन और नगर निगम बुरहानपुर के सहयोग से फीडबैक फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा महिला सफाई मित्रों के लिए एक दिवसीय स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुरक्षा विषय पर कार्यशाला का आयोजन परमानंद गोविंदवाला ऑडिटोरियम में किया गया।
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में नगर निगम के अधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में असिस्टेंट कमिश्नर ने कहा कि महिला सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनका स्वास्थ्य, सम्मान एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों के नियमित उपयोग पर भी जोर दिया।
प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management), कचरे के स्रोत स्तर पर पृथक्करण, सुरक्षित संग्रहण एवं परिवहन की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता और सुरक्षा उपकरणों जैसे ग्लव्स, मास्क, गमबूट और एप्रन के सही उपयोग और रखरखाव की जानकारी भी प्रदान की गई।

कार्यशाला के दौरान महिला सफाई मित्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। अधिकारियों ने प्रतिभागियों के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
फीडबैक फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट की टीम ने प्रशिक्षण एवं समन्वय में अहम भूमिका निभाई। यह कार्यशाला महिला सफाई मित्रों को अधिक जागरूक, सुरक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।