1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. नरवर में कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन की सख्ती, फायर सेफ्टी मानकों की जांच में कई संस्थान सील

नरवर में कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन की सख्ती, फायर सेफ्टी मानकों की जांच में कई संस्थान सील

शिवपुरी के नरवर में तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण कर फायर सेफ्टी मानकों की जांच की। कई संस्थानों में अनियमितताएं मिलने पर उन्हें सील कर दिया गया, जबकि प्रशासन ने सुरक्षा नियमों के पालन को अनिवार्य बताते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

By: Nivedita 
Updated:
नरवर में कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन की सख्ती, फायर सेफ्टी मानकों की जांच में कई संस्थान सील

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में कोचिंग संस्थान में हुई आगजनी की घटना में छात्रों की मौत के बाद प्रशासन ने सुरक्षा मानकों को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में भी कोचिंग संस्थानों की फायर सेफ्टी व्यवस्था की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

तहसीलदार ने किया औचक निरीक्षण

कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर नरवर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने राजस्व टीम के साथ कस्बे में संचालित कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में शासन द्वारा निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया गया।

कई कोचिंग संस्थान किए गए सील

जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए जागृति इंस्टीट्यूट ऑफ इंग्लिश, जान्हवी कोचिंग क्लासेज, भार्गव कोचिंग क्लासेज और अनिल कोचिंग क्लासेज को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

असुरक्षित भवनों में चल रही थीं कक्षाएं

निरीक्षण के दौरान एक चौंकाने वाला मामला भी सामने आया, जिसमें पाया गया कि कुछ कोचिंग संस्थान गोदाम जैसे असुरक्षित भवनों में संचालित किए जा रहे थे। इस पर तहसीलदार ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संचालकों को फटकार लगाई और छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की चेतावनी दी।

 

प्रशासन की सख्त चेतावनी

तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी कोचिंग संस्थानों को फायर सेफ्टी सहित शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

प्रशासन ने जानकारी दी है कि नरवर क्षेत्र में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण लगातार जारी रहेगा, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके।

 

रिपोर्ट –  कुलदीप गुप्ता

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...