भोपाल। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजधानी भोपाल के बोट क्लब पर आज भव्य नौका तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति गीतों के बीच पूरा बोट क्लब तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यात्रा का शुभारंभ किया और खुद नौका में सवार होकर देशसेवा और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
नौका तिरंगा यात्रा के दौरान युवा खिलाड़ियों ने कयाकिंग-कनोइंग और कैनो सलालम का रोमांचक प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन के जरिए तिरंगे को सलाम किया। इस दौरान तालाब के बीच बनाया गया देश का पहला फ्लोटिंग तिरंगा भी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है और देश का लोकतंत्र लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे उनकी संकल्प शक्ति और सामर्थ्य का प्रतीक बताया।
सीएम ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू होने से समानता की भावना और मजबूत होगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से देश को आगे बढ़ाने और भारत को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ काम करने की अपील की।
स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इस नौका तिरंगा यात्रा ने राजधानी में देशभक्ति और राष्ट्रगौरव का माहौल बना दिया। तिरंगे से सजे बोट क्लब और खिलाड़ियों के रोमांचक प्रदर्शन ने कार्यक्रम को खास बना दिया।