भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में संसद यूथ पार्लियामेंट 2026 का आयोजन किया गया। विधानसभा में आयोजित कार्यक्रम में 12 राज्यों के 52 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी निभाने और लोकतंत्र को मजबूत करने में योगदान देने की अपील की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। युवाओं को लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए राजनीति में आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा केवल डॉक्टर और इंजीनियर बनने तक सीमित न रहें, बल्कि राजनीति में सक्रिय होकर देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दें।
समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून सभी नागरिकों के लिए समान होना चाहिए। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में यूसीसी को लेकर व्यापक स्तर पर सुझाव लिए गए हैं।
सीएम मोहन यादव ने कहा, “हमारे लिए रामचंद्र और रहीम के लिए अधिकार समान हैं। केवल वोट बैंक की राजनीति के कारण किसी को अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने भी लोकतंत्र को मजबूत करने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। संसद यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, नीति निर्माण और सार्वजनिक जीवन में भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।