मध्य प्रदेश के पन्ना में स्थानीय गार्डन में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीश खान के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, समाजसेवी और आम नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की कमियों को प्रमुखता से उठाया। छात्रों ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली के बिना युवाओं का भविष्य सुरक्षित नहीं हो सकता।
छात्रा कुं. मनश्वी बुंदेला ने कहा कि युवाओं को मुफ्त योजनाओं से अधिक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मजबूत शिक्षा व्यवस्था ही आत्मनिर्भर रोजगार की दिशा में मार्ग प्रशस्त कर सकती है।
छात्र आकाश उडंतन चौधरी ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं मेहनती छात्रों के भविष्य को प्रभावित कर रही हैं। वहीं छात्र हिमांशु ठाकुर ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठने से छात्रों का मनोबल कमजोर होता है और उन्हें सुरक्षित परीक्षा प्रणाली की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में शिक्षक पुष्पेन्द्र शुक्ला ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में चुनौतियां आती रहती हैं, लेकिन धैर्य और मेहनत से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने छात्रों से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
शिक्षकों और अन्य वक्ताओं ने शिक्षा क्षेत्र में बढ़ती अनियमितताओं और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने सरकार से इन समस्याओं पर सख्त नियंत्रण और प्रभावी सुधार की मांग की।

कार्यक्रम के अंत में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीश खान ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि युवाओं की आवाज को हर स्तर तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने इसे गैर-राजनीतिक मंच बताते हुए कहा कि यहां हर छात्र अपनी बात स्वतंत्र रूप से रख सकता है।
कार्यक्रम में कई सामाजिक और शैक्षणिक हस्तियां भी मौजूद रहीं, जिन्होंने शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर विचार साझा किए। कार्यक्रम का संचालन राजबहादुर पटेल द्वारा किया गया।