जबलपुर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर दौरे के दौरान शहर को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, शहरी विकास और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वे ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत 11 लाख पौधारोपण अभियान की शुरुआत करेंगे और ₹362.31 करोड़ की लागत से तैयार अमृत 1.0 सीवेज परियोजना का लोकार्पण करेंगे।
11 लाख पौधारोपण अभियान का होगा शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव डुमना नेचर पार्क में ‘कैच द रेन’ अभियान के अंतर्गत 11 लाख पौधारोपण अभियान का शुभारंभ करेंगे। अभियान के तहत उमरिया, डुमना और कठौंदा क्षेत्रों में मियावाकी पद्धति से 5 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही उमरिया में 5 एकड़ में विकसित होने वाले पौध-पहचान पार्क, डुमना में ‘नवग्रह वाटिका’ और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए सोकपिट निर्माण अभियान की भी शुरुआत की जाएगी।
₹362.31 करोड़ की अमृत 1.0 सीवेज परियोजना का लोकार्पण
मुख्यमंत्री घंटाघर स्थित गीता भवन में आयोजित कार्यक्रम में ₹362.31 करोड़ की लागत से तैयार अमृत 1.0 सीवेज परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही कठौंदा, ललपुर और तेवर में निर्मित तीन आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) भी जनता को समर्पित किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से शहर के करीब 89 हजार घरों को बेहतर सीवेज व्यवस्था का लाभ मिलेगा।
मॉडर्न लॉन्ड्री और नए मत्स्य बाजार की सौगात
मुख्यमंत्री सिविल लाइन क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से लैस मॉडर्न लॉन्ड्री का शुभारंभ करेंगे। वहीं, गुरंदी में ₹2.50 करोड़ की लागत से निर्मित नए पक्के मत्स्य बाजार का भी लोकार्पण किया जाएगा। इस आधुनिक बाजार में 55 व्यापारियों को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे कारोबार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
ई-सिटी बस और पीएम स्वनिधि हितग्राहियों को मिलेगा लाभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ई-सिटी बस सेवा का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 500 हितग्राहियों को डिजिटल कार्ड वितरित किए जाएंगे, जिससे उन्हें डिजिटल लेनदेन और विभिन्न सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
तिलवारा में नए थाना और पुलिस आवासों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तिलवारा क्षेत्र में नव-निर्मित पुलिस थाना एवं पुलिस आवासों का भी लोकार्पण करेंगे। इससे पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ पुलिसकर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री का यह दौरा पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता, शहरी विकास और जनकल्याण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति देने के साथ-साथ जबलपुर के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।