दिल्ली सरकार ने 14 नवंबर को सामूहिक दिवाली पूजन उत्सव का आयोजन किया है। अक्षरधाम मंदिर में दिल्ली पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित समारोह का सीधा लाइव प्रसारण भी होगा ताकि लोगों को सुरक्षित और पटाखा रहित दिवाली मनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
इस बात की जानकारी खुद अरविन्द केवरीवाल ने ट्वीट करके दी है जिसमें उन्होंने कहा इस बार दिल्ली परिवार के हम 2 करोड़ लोग एक साथ मिलकर दिवाली पूजन करेंगे।दिवाली में सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाते हुए हवा की गुणवत्ता को अधिक बिगड़ने से रोकने की पहल में और सामूहिक दिवाली की भव्य पूजा में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित सरकार के सभी मंत्री शामिल होंगे।
अक्षरधाम मंदिर में आयोजित इस पूजा का लाइव प्रसारण 26 चैनलों पर शाम 7.35 बजे से रात 8.05 बजे तक किया जाएगा।
इस बार दिल्ली परिवार के हम 2 करोड़ लोग एक साथ मिलकर दिवाली पूजन करेंगे। pic.twitter.com/azaNCqbR2a
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) November 11, 2020
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा ’दिल्ली की दिवाली’ में सभी नागरिकों को शामिल करके एक यादगार पूजन उत्सव बनाने की अवधारणा के तहत काम किया गया है। इसके माध्यम से पटाखा रहित दिवाली मनाने की परिपाटी को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा कोरोना संकट में हम नागरिकों के स्वास्थ्य को खतरे में डाले बिना पूरे समाज का हिस्सा होने की भावना और त्यौहार की उमंग को आगे बढ़ाना चाहते हैं।
दीपावली पर ऐसी रोशनी का बोलबाला हो,
दीये इस घर में जलें तो उस घर में उजाला हो.आप सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ. pic.twitter.com/lna1Du4GQr
— Manish Sisodia (@msisodia) November 14, 2020
दिल्ली सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक “यह भव्य पूजा झंडेवालान के विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रों के साथ आध्यात्मिक तरीकों से होगी। राष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली में रहने वाले दो करोड़ से भी अधिक नागरिक इस भव्य दिवाली उत्सव का हिस्सा बनेंगे।
लाइव टेलीकास्ट के साथ-साथ नागरिक अपने घर और संस्थानों में पूजा करने में सक्षम होंगे। इससे समुदाय की भावना मजबूत होगी और अंधेरे समय में आशावादी दृष्टिकोण स्थापित करने में मदद मिलेगी। यह सबके अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण के लिए एक सामूहिक प्रार्थना जैसा अवसर होगा।”