बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा प्रखंड की रौतारा पंचायत से बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां स्कूली बच्चे प्रतिदिन रेलवे ट्रैक पार कर स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बार स्टेशन पर ट्रेन खड़ी होने की स्थिति में बच्चे उसके नीचे से निकलकर दूसरी ओर जाने का जोखिम भी उठाते हैं।
रौतारा रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज तो बनाया गया है, लेकिन उससे जुड़ने वाला संपर्क मार्ग जर्जर होने के कारण लोगों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं रेलवे फाटक का रास्ता भी काफी दूर होने के कारण बच्चे और ग्रामीण समय बचाने के लिए सीधे रेलवे लाइन पार करने का रास्ता अपनाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि रौतारा पंचायत की बड़ी आबादी रेलवे लाइन के एक ओर रहती है, जबकि स्कूल और मुख्य सड़क दूसरी ओर स्थित हैं। आबादी वाले हिस्से में प्राथमिक विद्यालय नहीं होने के कारण छोटे बच्चों को रोजाना जान जोखिम में डालकर स्कूल जाना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। ग्रामीणों ने मांग की है कि आबादी वाले क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय खोला जाए या फिर सुरक्षित आवागमन की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चों को जोखिम भरा सफर न करना पड़े।
यह मामला बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा दोनों से जुड़ा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि स्कूली बच्चों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार मिल सके।