जमुई जिले के झाझा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस और जुलूस में शामिल कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया। शुक्रवार रात झाझा थाना गेट के पास पुलिस पर पथराव किए जाने की घटना सामने आई। इस दौरान थानाध्यक्ष समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने पांच आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोहजाना से बड़ी संख्या में युवक गणेश प्रतिमा लेकर रेलवे तालाब में विसर्जन के लिए जा रहे थे। जुलूस में डीजे भी शामिल था। जब जुलूस झाझा थाना गेट के पास पहुंचा तो डीजे पर तेज आवाज में कथित रूप से आपत्तिजनक गाना बजाया जा रहा था। पुलिसकर्मियों ने युवकों से गाना बंद करने और डीजे की आवाज कम करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर कुछ युवक नाराज हो गए और पुलिसकर्मियों से बहस शुरू हो गई।
पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद कुछ युवकों ने थाना गेट और पुलिसकर्मियों की ओर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना में झाझा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह, एसआई दीपक कुमार, एसआई अमरजीत कुमार, जवान अमित कुमार, नितेश कुमार झा और महिला जवान प्रियंका कुमारी घायल हुए।

पथराव में घायल सभी पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए झाझा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने सभी का इलाज किया। घटना के बाद पुलिस ने मौके की स्थिति को नियंत्रित किया और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और पथराव में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।