मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद के मोदीनगर स्थित ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन गुरुवार को करेंगे।
निजी क्षेत्र के इस ऑक्सजीन प्लांट के शुरू होने के बाद कोविड-19 अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी दूर होगी। मुख्यमंत्री ऑनलाइन इस प्लांट का उद्घाटन करेंगे।
मोदीनगर स्थित इस ऑक्सीजन प्लांट की क्षमता प्रतिदिन 15000 सिलेंडर भरने की होगी। मुख्यमंत्री कई बार निर्देश दे चुके हैं कि कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था के इंतजाम किए जाएं।
इसके लिए बैकअप रखा जाए, जिससे जरूरत पर इसका इस्तेमाल किया जा सके।
प्लांट शुरू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के प्रदेशों में स्थित अस्पतालों में ऑक्सीजन की सप्लाई बाधित नहीं हो सकेगी।
हाल ही में डीएम अजय शंकर पांडेय ने भी ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया था। इसमें सभी सुविधाएं मानकों के अनुसार ही मिली थीं।
उन्होंने वहां तैनात कर्मियों को एक महीने के भीतर ही काम पूरा करने के निर्देश दिए थे। कोरोना काल में सरकारी व गैर-सरकारी अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी देखने को मिल रही है।
मेरठ, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद के अस्पतालों में रोजाना 4 से 5 टन तक ऑक्सीजन इस्तेमाल हो रही है। ऐसे में ऑक्सीजन की पूर्ति कराने में यह प्लांट काफी हद तक लाभकारी साबित होगा।
वर्ष 2019 में प्लांट का निर्माण शुरू हुआ। प्लांट को चार अलग-अलग मोड पर इस्तेमाल किया जा सकता है।
प्लांट को संचालित करने वाली आईनॉक्स एयर प्रॉडक्ट प्राइवेट लिमिटेड में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी अमेरिका की भी है।