1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. 7 अगस्त से शुरू होगा ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026’, छिंदवाड़ा में जनता से सीधे संवाद करेंगे डॉ. मोहन यादव

7 अगस्त से शुरू होगा ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026’, छिंदवाड़ा में जनता से सीधे संवाद करेंगे डॉ. मोहन यादव

मध्य प्रदेश सरकार 7 अगस्त से छिंदवाड़ा से 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026' की शुरुआत करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सीएम हेल्पलाइन की चयनित शिकायतों के शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे और अधिकारियों के साथ शिकायतों की समीक्षा करेंगे। अभियान का उद्देश्य जिलों में पहुंचकर शिकायतों का त्वरित समाधान और सुशासन को मजबूत करना है।

By: Nivedita 
Updated:
7 अगस्त से शुरू होगा ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026’, छिंदवाड़ा में जनता से सीधे संवाद करेंगे डॉ. मोहन यादव

मध्य प्रदेश सरकार का ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026’ 7 अगस्त से छिंदवाड़ा जिले से शुरू होने जा रहा है। अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहली बार जिला स्तरीय समाधान कार्यक्रम में शामिल होंगे और सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज चयनित शिकायतों के शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे।

शिकायतकर्ताओं से आमने-सामने करेंगे चर्चा

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं चयनित शिकायतकर्ताओं से उनके मामलों की जानकारी लेंगे और शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा करेंगे। इस संबंध में लोक सेवा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने छिंदवाड़ा कलेक्टर को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

20 से 25 शिकायतों का होगा चयन

निर्देशों के अनुसार जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित 20 से 25 शिकायतों का चयन किया जाएगा। इन शिकायतों का परीक्षण और निराकरण 5 अगस्त तक सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य होगा। इसके बाद अंतिम रूप से चयनित शिकायतों पर मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान चर्चा करेंगे।

अधिकारियों की भी रहेगी मौजूदगी

कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे, ताकि मुख्यमंत्री के सामने शिकायतों की वर्तमान स्थिति और समाधान की जानकारी प्रस्तुत की जा सके। पूरी प्रक्रिया सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी।

 

समीक्षा बैठक और उद्योग प्रतिनिधियों से संवाद

मुख्यमंत्री के छिंदवाड़ा दौरे के दौरान जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित किए जाने की भी तैयारी है। इसके अलावा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम भी प्रस्तावित है, जिसमें जिले के विकास और निवेश से जुड़े विषयों पर चर्चा हो सकती है।

हर शुक्रवार जिलों में पहुंचेगी सरकार

गौरतलब है कि हाल ही में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026’ शुरू करने का निर्णय लिया गया था। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार मुख्यमंत्री, मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न जिलों का दौरा करेंगे। इस दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा, अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया जाएगा।

सुशासन और जवाबदेही पर सरकार का फोकस

सरकार का उद्देश्य प्रशासन को जनता के और करीब लाना, शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना और सुशासन की व्यवस्था को और मजबूत बनाना है। अभियान के माध्यम से शासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की पहल की जा रही है।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...