मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के प्रतिष्ठित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ के अंतर्गत आयोजित ‘यात्री परिवहन विजन समिट-2026’ का औपचारिक उद्घाटन किया। इस महत्वपूर्ण आयोजन का उद्देश्य प्रदेश की परिवहन व्यवस्था को अधिक आधुनिक, सुरक्षित और सुगम बनाना है।
समिट के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस आयोजन से जुड़ी स्मारिका (Souvenir) और यात्री परिवहन की रूपरेखा व सुविधाओं पर आधारित एक विशेष बुकलेट का विमोचन किया। इस बुकलेट में परिवहन क्षेत्र के आगामी विकास और सुधारों की पूरी जानकारी दी गई है।

‘मध्यप्रदेश सुगम परिवहन सेवा’ के लिए आयोजित विशेष लोगो (Logo) डिजाइन प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को इस अवसर पर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने विजेताओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कार राशि के चेक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ पर आधारित भव्य एग्जीबिशन (प्रदर्शनी) का भी शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉल का निरीक्षण कर परिवहन क्षेत्र में आ रही नई तकनीकों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।