1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. छत्तीसगढ़: रायपुर रेलवे स्टेशन पर सीआरपीएफ स्पेशल ट्रेन में बड़ा धमाका, 4 जवान घायल

छत्तीसगढ़: रायपुर रेलवे स्टेशन पर सीआरपीएफ स्पेशल ट्रेन में बड़ा धमाका, 4 जवान घायल

Chhattisgarh: Big explosion in CRPF special train at Raipur railway station, 4 jawans injured; छत्तीसगढ़ के रायपुर रेलवे स्टेशन में बड़ा धमाका। सीआरपीएफ स्पेशल ट्रेन में बड़ा धमाका। झारसुगुड़ा से जम्मू तवी जा रही थी ट्रेन।

By: Amit ranjan 
Updated:
छत्तीसगढ़: रायपुर रेलवे स्टेशन पर सीआरपीएफ स्पेशल ट्रेन में बड़ा धमाका, 4 जवान घायल

नई दिल्ली : छत्तीसगढ़ के रायपुर रेलवे स्टेशन पर सीआरपीएफ स्पेशल ट्रेन में बड़ा धमाका हो गया। इस धमाके में चार जवान घायल हो गए। जिसमें से एक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। मौके पर सीआरपीएफ के आला अधिकारी पहुंच गए हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, यह घटना सुबह 6.30 बजे तब हुई जब झारसुगुड़ा से जम्मू तवी जा रही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी। सीआरपीएफ के एक जवान (एक हेड कांस्टेबल) को रायपुर के नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रायपुर पुलिस ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर सीआरपीएफ स्पेशल ट्रेन में इग्नाइटर सेट वाला बॉक्स (एक तरह से ग्रेनेड) फर्श पर गिरने से हुए विस्फोट में सीआरपीएफ के चार जवान घायल हो गए। बताया जा रहा है कि डेटोनेटर बॉक्स में हुए विस्फोट के कारण यह हादसा हुआ।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुबह साढ़े छह बजे झारसुगुड़ा से जम्मू तवी जा रही सीआरपीएफ की विशेष रेलगाड़ी प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़ी थी। इसमें सीआरपीएफ की तीन कंपनियों को भेजा जा रहा था। जब रेलगाड़ी में सामान रखा जा रहा था तब बोगी नंबर नौ के करीब एक कंटेनर में (जिसमें विस्फोटक रखा गया था) विस्फोट हो गया।

उन्होंने बताया कि इस घटना में हवलदार चौहान विकास लक्ष्मण समेत चार जवान घायल हो गए। जानकारी मिलने पर पुलिस दल घटनास्थल पहुंचा । घायल जवान लक्ष्मण को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं मामूली रूप से घायल तीन अन्य जवानों को प्राथमिक उपचार दिया गया। रेलगाड़ी रायपुर रेलवे स्टेशन से रवाना हो चुकी है।  पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में स्टेशन में मौजूद अन्य किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है।

बता दें कि इससे पहले 17 जून को सिकंदराबाद से दरभंगा जंक्शन पहुंची सिकंदराबाद दरभंगा एक्सप्रेस के पार्सल वैन से उतारे गए रेडीमेड कपड़े के पैकेट में ब्लास्ट हो गया था। ट्रेन दिन में 1:18 बजे प्लेटफार्म नंबर दो पर रुकी। फिर पार्सल वैन से सामानों का पैकेट उतारा जाने लगा। 3:25 बजे रेडीमेड कपड़ों के पैकेट में से एक में विस्फोट हुआ। दरभंगा रेलवे स्टेशन पर हुए पार्सल ब्लास्ट का ‘पाकिस्तान कनेक्शन’ भी सामने आया था।

वहीं, साल 2019 में कानपुर के पास कालिंदी एक्सप्रेस में धमाका हुआ था। कानपुर सेंट्रल से चलकर भिवानी जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस बर्राजपुर स्टेशन पर खड़ी थी। तभी वहां टॉयलेट में  विस्फोट हो गया। धमाका होते ही भगदड़ मच गई थी।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...