पन्ना। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में पन्ना में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के अवसरों को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए।
स्थानीय श्री जगदीश स्वामी टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनीश खान ने मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। छात्रों ने पेपर लीक, परीक्षा प्रक्रिया में देरी और कथित अनियमितताओं को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों से मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के भविष्य पर असर पड़ता है। छात्रों ने परीक्षा प्रणाली में सुधार, पारदर्शिता बढ़ाने और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की मांग रखी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिंडोरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने कहा कि आज बड़ी संख्या में युवा अपनी शिक्षा और रोजगार को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में आने वाली समस्याओं से विद्यार्थियों का मनोबल प्रभावित होता है। उन्होंने बताया कि छात्रों की समस्याओं को सामने लाने के उद्देश्य से ‘छात्रों की गूंज’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से देशभर में विद्यार्थियों से संवाद किया जा रहा है।
मरकाम ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं को सुनना और उनकी आवाज को उचित मंच तक पहुंचाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। कार्यक्रम में मौजूद छात्रों ने भी अपनी बात रखते हुए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष बनाने की मांग की।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, रोजगार और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। आयोजकों ने कहा कि छात्रों की समस्याओं और सुझावों को आगे के स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।