मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। अगले तीन वर्षों में स्कूल शिक्षा विभाग के तहत 100 प्रतिशत नामांकन और छात्र उपस्थिति सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत 315 हाई स्कूल और 214 हायर सेकेंडरी स्कूलों के उन्नयन को मंजूरी दी गई है, जिस पर 635 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए अब शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण पूरे वर्ष उपलब्ध रहेगा। नई व्यवस्था के तहत किसान जिस दिन ऋण लेंगे, उसी दिन से एक साल बाद उसे चुकाने की समयसीमा होगी। इस योजना से सरकार पर लगभग 800 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा।
बैठक में शुजालपुर में विधि महाविद्यालय के लिए पदों की स्वीकृति दी गई, साथ ही 5,365 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं की निरंतरता को भी मंजूरी मिली। इसमें मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और खाद्यान्न आपूर्ति परिवहन योजना शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि समान नागरिक संहिता (UCC) पर अब तक 9 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं, जिनमें लगभग 90 प्रतिशत सुझाव समर्थन में हैं। सरकार 5 जुलाई तक प्रस्ताव लेकर आगामी विधानसभा सत्र में इसे पेश करेगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 23 जुलाई से 15 दिनों तक श्यामा प्रसाद मुखर्जी पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि 15 से 29 जुलाई तक पूरे प्रदेश में गुरु पूर्णिमा उत्सव मनाया जाएगा।