जबलपुर । मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बरगी थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान हुई चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बरगी थाना क्षेत्र के शालीगढ़ चौराहे पर कुछ लोगों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी घनश्याम केवट ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में नामी यादव और संतोष यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान नामी यादव की मौत हो गई। वहीं, संतोष यादव का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि मृतक की शादी करीब एक वर्ष पहले ही हुई थी।

घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे बैजनाथ यादव भी घायल हो गए। उन्हें भी प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि आरोपी घनश्याम केवट को हिरासत में ले लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।