दतिया जिले के पंडोखर थाना क्षेत्र में नदी से मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी को पुलिस ने मात्र 48 घंटे में सुलझा लिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतका के बीच अवैध संबंध थे। आरोपी पहले से विवाहित था, जबकि महिला भी अलग रह रही थी। महिला द्वारा शादी का दबाव बनाने और सोशल मीडिया विवाद के चलते दोनों के बीच तनाव बढ़ता चला गया।
जानकारी के अनुसार, 23 मई को महिला सूरत से दतिया पहुंची और पंडोखर क्षेत्र में आरोपी से मिली। आरोपी उसे पुहज नदी के पुराने पुल के पास ले गया, जहां विवाद बढ़ने पर उसने चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को नदी में फेंक दिया।
घटना के बाद आरोपी ने महिला के दोनों मोबाइल फोन तोड़कर नदी में फेंक दिए ताकि सबूत मिटाए जा सकें। बाद में 25 मई को महिला का शव नदी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में जांच की गई। एफएसएल, फिंगरप्रिंट और साइबर टीम की मदद से मृतका की पहचान की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसकी निशानदेही पर मृतका का बैग और घटना में इस्तेमाल सामान भी बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।