पन्ना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पन्ना में “विकास और जनकल्याण” विषय पर प्रबुद्धजन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की गई।
संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश की नगरीय विकास मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागड़ी उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहे हैं। सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है और भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता तथा वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

मोदी सरकार ने विकास की नई इबारत लिखी: बृजेंद्र प्रताप सिंह
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा के अध्यक्षीय उद्बोधन से हुई। इसके बाद विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने सभी उपस्थित लोगों और जिलेवासियों को महाराजा छत्रसाल जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचा है।उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र को आत्मसात करते हुए मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में विकास की नई इबारत लिखी है। आज शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा जिसे किसी न किसी सरकारी योजना का लाभ न मिला हो।
ऐतिहासिक उपलब्धियों का किया उल्लेख
सांसद बी.डी. शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक, सामाजिक और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर जल योजना, स्वच्छ भारत मिशन और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
विकसित भारत के संकल्प पर जोर
संगोष्ठी में भाजपा नेत्री अश्वनी परांजपे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि देश तेजी से विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है और सरकार की नीतियां इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
प्रदर्शनी का भी किया गया अवलोकन
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अतिथियों ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी के प्रभारी प्रदीप मजूमदार रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता, जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, समाजसेवी, प्रबुद्धजन तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राजेंद्र कुशवाहा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संगोष्ठी प्रभारी आशा गुप्ता ने किया।भाजपा नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष केवल उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की मजबूत नींव हैं।
पन्ना से राजेश रावत की रिपोर्ट