कृषि विधेयक को लेकर विपक्ष लगातार हंगामा कर रहा है। विपक्ष कृषि बिल को किसान विरोधी बता रहा है।
कृषि बिल को लेकर किसानों के मन में जो भ्रम बना हुआ है उसे दूर करने के लिए-कृषि बिल के विषय में सही तरीके से किसानों को समझाने के लिए अब कैराना से भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी व गंगोह विधानसभा से भाजपा विधायक चौधरी कीरत सिंह मैदान में कूद गए हैं।
दोनों ही जनप्रतिनिधि लोकसभा और विधानसभा में किसानों के बीच जाकर किसानों के मन में पैदा हुए भ्रम को दूर करने का प्रयास कर रहे है। किसानों को बता रहे हैं कि कृषि बिल किसानों के हित में है।
इस बिल से उनका किसी प्रकार का कोई भी नुकसान नहीं है। कैराना सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा है कि विपक्ष कृषि बिल को लेकर किसानों को गुमराह करने का काम कर रहा है।
ऐसे लोग जिन्हें कृषि संबंधी किसी प्रकार की कोई जानकारी ही नहीं है वह भी किसानों के बीच में जाकर कृषि बिल को किसान विरोधी बताने का काम कर रहे हैं।
कैराना सांसद ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा से ही देश की जनता की भलाई के लिए विधेयक बनाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि किसानों को इस बिल से किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं है बल्कि इससे तो किसानों की आय बढ़ने का काम होगा।
उधर गंगोह विधानसभा से भाजपा विधायक चौधरी किरत सिंह ने भी विधानसभा के कई गांवों में किसानों के बीच पहुंचकर उन्हें कृषि बिल के फायदे बताने का काम किया है।
और कहा है कि किसानों को कृषि बिल से किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं होगा बल्कि इस बिल से तो देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो किसानों की आय दोगुनी करने का वायदा किया है वह पूरा होगा।