गाजियाबाद में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद है, इसकी बानगी आज सुबह देखने को मिली।
आज सुबह गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र के लोहिया नगर इलाके में अफरा तफरी मच गई।
जब मॉर्निंग वॉक पर निकले तकरीबन 60 वर्षीय व्यक्ति की स्कूटी सवार 2 बदमाशों ने गोलियां बरसा कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
पूरा मामला थाना सिहानी गेट क्षेत्र के लोहिया नगर इलाके का है, जहां 60 वर्षीय नरेश त्यागी अपने परिवार के साथ रहते हैं, रोजाना की तरह नरेश त्यागी घर से पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे।
पार्क के पास ही स्कूटी सवार दो बदमाश ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए, आनन-फानन में व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, नरेश त्यागी कांट्रेक्टर का काम किया करते थे।
मूल रूप से मुरादनगर थाना क्षेत्र के सारा गांव के रहने वाले नरेश त्यागी पीडब्ल्यूडी और अन्य विभागों में ठेकेदारी करते थे।
सुबह करीब साढ़े पांच बजे वे लोहिया नगर स्थित पार्क में टहलने जा रहे थे। तभी स्कूटी पर आए दो बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जान बचाने के लिए नरेश त्यागी ने भागने की कोशिश की।
लेकिन पैर लड़खड़ाने से वे जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाशों ने उनके सिर में दो गोली मारी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।