1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. राजस्थान की बीजेपी विधायक किरण माहेश्वरी का कोरोना से मौत, पीएम ने जताया शोक

राजस्थान की बीजेपी विधायक किरण माहेश्वरी का कोरोना से मौत, पीएम ने जताया शोक

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
राजस्थान की बीजेपी विधायक किरण माहेश्वरी का कोरोना से मौत, पीएम ने जताया शोक

देश में कोरोना वायरस का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। वहीं कोरोना वायरस के कारण लगातार मौत का आंकड़ा भी बढ़ता ही जा रहा है। अब राजस्थान से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की विधायक किरण माहेश्वरी का कोरोना वायरस के कारण निधन हो गया है।

वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गयीं थीं और गुड़गांव के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने माहेश्वरी के निधन पर शोक जताया है। माहेश्वरी (59) राजसमंद से तीसरी बार विधायक थीं।

कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद वह कई दिन से गुड़गांव के एक निजी अस्पताल में भर्तीं थीं जहां रविवार रात उनका निधन हो गया। प्रधानमंत्री मोदी ने माहेश्वरी के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया, ‘‘किरण माहेश्वरी जी के असामयिक निधन से गहरा दुख हुआ। एक सांसद, विधायक और राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में उन्होंने राज्य के विकास तथा वंचित तबकों के सशक्तिकरण के लिए अथक प्रयास किए।’’

मुख्यमंत्री गहलोत ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिह डोटासरा ने भी माहेश्वरी के निधन पर गहरा दुख जताया है।

अशोक गहलोत ने ट्वीट करके लिखा, “भाजपा नेता और राजसमंद के विधायक किरण माहेश्वरी जी के असामयिक निधन से दुखी। इस कठिन समय में उनके परिवार के सदस्यों और समर्थकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। भगवान उन्हें यह नुकसान सहने की शक्ति दे। उसकी आत्मा को शांति मिले। #राजस्थान”

वहीं किरण माहेश्वरी के निधन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, ‘राजसमंद (राजस्थान) से विधायक बहन किरण माहेश्वरी का निधन बेहद दुखद है। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज की सेवा और हितों को संरक्षित करने के लिए समर्पित किया। मेरे लिए उनका निधन व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें। परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।’

उन्होंने कहा, ‘किरण जी के साथ राजनीतिक-सामाजिक जीवन में लम्बे अरसे तक काम किया। सामाजिक विषयों विशेषतः महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों की वे सशक्त आवाज थीं। दीन-दुखियों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहने वाली किरण जी को उनकी निर्भीकता और स्पष्टवादिता के लिए सदैव याद किया जाएगा।’

उल्लेखनीय है कि किरण माहेश्वरी के कोविड पॉजिटिव होने के बाद स्पीकर ओम बिरला ने ही उन्हें अहमदाबाद या गुडग़ांव के बड़े अस्पताल में उपचार लेने की सलाह दी थी।

वसुंधरा राजे ने ट्वीट करके शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा स्व. किरण से मेरा गहरा लगाव था। उन्होंने सदैव भाजपा को मजबूती प्रदान की और आजीवन भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में भूमिका निभाई। उनके निधन से संगठन में हुए खालीपन को भरना आसान नहीं होगा। आज वो हमारे बीच नहीं है लेकिन हमारी स्मृतियों में वे सदैव जिंदा रहेंगी।

उन्होंने आगे लिखा पूर्व मंत्री एवं राजसमन्द विधायक श्रीमती किरण माहेश्वरी के असामयिक निधन का समाचार सुन स्तब्ध हूं, दुःखी हूं। किरण का यूं अलविदा कह देना भाजपा परिवार के लिए ही नहीं, मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शान्ति व परिजनों को सम्बल प्रदान करें।

के.सी. राममूर्ति ने ट्वीट करके लिखा श्रीमती के असामयिक निधन की खबर से गहरा दुख हुआ। # किरनमहेश्वरी जी। एक सांसद और विधायक के रूप में राष्ट्र और भाजपा के प्रति उनकी सेवा को हमेशा याद किया जाएगा। मैं उनके परिवार, दोस्तों और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। शांति।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को किरण की पार्थिव देह को उदयपुर लाया जाएगा। जहां कोरोना प्रोटोकॉल के तहत उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। राजसमंद विधायक किरण माहेश्वरी के निधन की सूचना मिलने के बाद उदयपुर में भी शोक की लहर छा गई। आपको बता दें कि वसुंधरा सरकार में किरण माहेश्वरी कैबिनेट मंत्री के रूप में कई अहम मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल चुकी थी।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...