रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। बीजेपी अगले एक महीने तक प्रदेश में कई बड़े कार्यक्रम करने जा रही है। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा मिशन-2022 के तहत बूथ विजय अभियान का शुभारंभ करेंगे। वहीं पीएम मोदी के जन्मदिन अवसर पर सेवा-समर्पण अभियान चलेगा।
इसके साथ ही योगी सरकार के साढ़े चार साल पूरे होने पर 19 सितंबर को प्रदेश के सभी 27700 शक्ति केन्द्रों पर चौपाल लगाई जाएगी। इस चौपाल में सरकार की योजनाओं और निर्णयों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही सभी विधायक अपने कामों की फेहरिस्त लेकर जनता के बीच जाएंगे। दो अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर मंडल स्तर पर स्वच्छता का अभियान चलेगा।
ऐसी तमाम कार्यों की रूपरेखा गुरुवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर हुई प्रदेश पदाधिकारियों और जिला प्रभारियों की बैठक में समझाई गई। यूपी भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में सबसे पहले 11 सितंबर से विधिवत शुरू होने वाले बूथ विजय अभियान पर चर्चा की जायेगी। इसकी शुरुआत भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा वर्चुअल संवाद से करेंगे।
जेपी नड्डा प्रदेश के सभी 27700 शक्ति केन्द्रों पर उपस्थित पार्टी के प्रदेश से बूथ तक के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं सहित जनप्रतिनिधियों से सायं 04 बजे वर्चुअल माध्यम से संवाद करेंगे। इसके साथ ही पार्टी 11 से 20 सितंबर तक पन्ना प्रमुख बनाएगी। बैठक में तय किया गया कि पीएम मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से 07 अक्तूबर तक सेवा समर्पण अभियान चलेगा।
इसके तहत पार्टी प्रदेश में स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, टीकाकरण, पर्यावरण संरक्षण जैसे सेवा कार्य आयोजित करेगी। 20 सितम्बर को सभी विधायक अपनी विधानसभा में किये गए विकास कार्यों व उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। 26 सितंबर से पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों का पत्रक लेकर घर-घर संपर्क करेंगे।
आपको बता दें कि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल की मौजूदगी में हुई बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, राष्ट्रीय मंत्री हरीश द्विवेदी, विनोद सोनकर, प्रदेश सह संगठन महामंत्री कर्मवीर, प्रदेश सह प्रभारी संजीव चौरसिया सुनील ओझा, सत्या कुमार सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष व मोर्चों के अध्यक्ष शामिल हुए।