भोपाल। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के प्रस्तावित साइकिल अभियान को लेकर सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के इस कार्यक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कल्पेश ठाकुर ने कहा कि जीतू पटवारी इंदौर से भोपाल तक साइकिल यात्रा निकालने की बात कर रहे हैं, लेकिन उनकी साइकिल की चेन आधे रास्ते में ही उतर जाएगी। उन्होंने दावा किया कि इस अभियान को युवाओं का समर्थन नहीं मिलेगा और इसमें केवल कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता ही शामिल होंगे।

कल्पेश ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और जीतू पटवारी पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि दोनों नेता वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में अप्रासंगिक हो चुके हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी को अदालत के समक्ष माफी मांगनी पड़ी, जबकि जीतू पटवारी का व्यवहार युवाओं के हितों के अनुरूप नहीं है।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस युवाओं के मुद्दों पर गंभीरता से काम करने के बजाय केवल राजनीतिक प्रदर्शन करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता और युवा भाजपा सरकार की नीतियों पर विश्वास जता रहे हैं।