1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. बिहार चुनाव: 94 सीटों पर मतदान जारी, राज्यपाल और डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने डाला वोट

बिहार चुनाव: 94 सीटों पर मतदान जारी, राज्यपाल और डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने डाला वोट

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
बिहार चुनाव: 94 सीटों पर मतदान जारी, राज्यपाल और डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने डाला वोट

बिहार विधानसभा चुनाव में आज दूसरे चरण के वोट पड़ रहे हैं। अधिक से अधिक मतदान के लिए चुनाव आयोग ने लोगों से अपील की है। इस बीच राज्‍यपाल फागू चौहान ने पटना में अपने बूथ पर सबसे पहले पहुंचकर वोट डाला। वह अपने बूथ पर वोट डालने वाले पहले मतदाता बने। उन्‍हीं की तरह डिप्‍टी सीएम सुशील मोदी ने भी अपने बूथ पर सुबह 7:04 बजे पहुंचकर मतदान किया।

राज्‍यपाल फागू चौहान वोट डालने दिघा के सरकारी स्कूल पहुंचे। उन्होंने ने कहा कि यह लोकतंत्र का महापर्व है। सभी को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्‍होंने लोगों से घरों से निकलकर अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करने की अपील की। उम्मीद है कि इस बार मतदान प्रतिशत पिछले बार के मुकाबले अधिक रहेगा।

डिप्‍टी सीएम सुशील मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में पटना के राजेंद्र नगर के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। उपमुख्यमंत्री ने लोगों से कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बूथ पर आपस में दूरी बनाए रखें। मेरी लोगों से अपील है कि घरों से निकलें और मतदान करें। सोशल डिस्‍टेंसिंग का पालन करें। अपने मताधिकार का जरूर प्रयोग करें।

आप को बता दे कि आज बिहार में दूसरे चरण में 17 जिलों की 94 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। इस चरण में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, सरकार के चार मंत्रियों श्रवण कुमार, रामसेवक सिंह, नंदकिशोर यादव व राणा रणधीर सहित 1463 उम्मीदवार मैदान में है।

दूसरे चरण में मंगलवार को 1463 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। इस चरण में 1316 पुरुष, 146 महिला एवं एक थर्ड जेंडर की उम्मीदवार इनमें शामिल हैं। दूसरे चरण में सबसे अधिक 27 उम्मीदवार महाराजगंज निर्वाचन क्षेत्र में और सबसे कम चार उम्मीदवार दरौली (सु) निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं। वहीं, 40 विधानसभा क्षेत्रों में एक से अधिक महिला प्रत्याशी चुनाव लड़ रही हैं। इस चरण में 513 निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...