1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. बिहार चुनाव: दूसरे चरण के लिए पीएम मोदी और राहुल गांधी की आज कई रैलियां, पहले चरण की वोटिंग हुई शुरू

बिहार चुनाव: दूसरे चरण के लिए पीएम मोदी और राहुल गांधी की आज कई रैलियां, पहले चरण की वोटिंग हुई शुरू

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
बिहार चुनाव: दूसरे चरण के लिए पीएम मोदी और राहुल गांधी की आज कई रैलियां, पहले चरण की वोटिंग हुई शुरू

बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण के लिए 71 सीटों पर बुधवार को मतदान होगा। जिसमें दो करोड़ से अधिक मतदाता 1,066 उम्मीदवारों की किस्मत पर फैसला करेंगे।

वहीं अपने-अपने गठबंधन के लिए चुनाव प्रचार करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज बिहार पहुंचेंगे। दोनों नेताओं का चुनाव प्रचार के लिए इस बार राज्य में दूसरा दौरा होगा। इससे पहले मोदी और राहुल 23 अक्टूबर को चुनाव प्रचार करने बिहार गए थे और उन्होंने कई रैलियों को संबोधित किया था।

पीएम मोदी ने अपने चुनाव प्रचार के शेड्यूल को लेकर ट्वीट कर जानकारी दी। पीएम मोदी ने लिखा, ‘एक बार फिर बिहारवासियों के बीच रहूंगा। दरभंगा, मुजफ्फरपुर और राजधानी पटना की रैलियों में उनसे सीधे संवाद करने का मौका मिलेगा।आप सभी इन रैलियों से जरूर जुड़िए।’

मोदी आज यानी 28 अक्टूबर को दरभंगा के राज मैदान में (सुबह 11 बजे), मुजफ्फरपुर के मोतीपुर चीनी मिल स्थित पचरुखी मैदान में (दोपहर 12:30 बजे) और पटना हवाई अड्डे के निकट स्थित वेटनरी कॉलेज कैंपस में (दोपहर 2 बजे) में एनडीए उम्मीदवारों के लिए लोगों से समर्थन मांगेंगे, जहां तीन नवंबर को दूसरे चरण में मतदान होगा। पीएम मोदी की इस रैली का डिजिटल माध्यम से सीधा प्रसारण पटना के लगभग 300 मैदानों में किया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी के साथ-साथ राहुल गांधी भी बुधवार को चुनाव प्रचार के लिए पहुंचेंगे। वहीं राहुल गांधी इसी दिन वाल्मीकिनगर और कुशेश्वर स्थान में महागठबंधन के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव में तीन नवंबर को विधानसभा के दूसरे चरण के साथ मतदान होगा।

बता दें कि बिहार में दूसरे चरण के चुनाव के तहत पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, नालंदा और पटना जिलों की 94 सीटों पर आगामी तीन नवंबर को मतदान होगा।

गौरतलब है कि इस चुनाव में पीएम मोदी की कुल 12 रैलियां प्रस्तावित हैं जिनमें 23 अक्टूबर को 3 संपन्न हो चुकी हैं। चुनाव के दिन पीएम मोदी भले ही दूसरे इलाकों में रैलियों को संबोधित करें लेकिन माना जा रहा है कि इसका बड़ा असर मतदाताओं पर भी होगा। वहीं राहुल गांधी भी अपने भाषण से महागठबंधन के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करेंगे।

कोविड-19 के बीच हो रहे चुनाव के मद्देनजर निर्वाचन आयोग ने सुरक्षित मतदान के लिये दिशानिर्देश जारी किये हैं। इन दिशानिर्देशों के तहत एक मतदान केंद्र में मतदाताओं की संख्या 1600 से घटाकर 1000 कर दी गयी है।

साथ ही 80 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिये पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। इसके अलावा इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन को सेनिटाइज करना, मतदान कर्मियों के लिये मास्क और सुरक्षा सामग्री और थर्मल स्कैनर, हैंड सेनिटाइजर, साबुन और पानी उपलब्ध कराना शामिल है।

निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहले चरण में 2.14 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें से 1.01 करोड़ महिलाएं हैं और 599 तृतीय लिंगी हैं।

चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों में 952 पुरूष और 114 महिलाएं हैं। गया शहर सीट पर सबसे अधिक 27 उम्मीदवार मैदान में हैं जबकि बांका जिले की कटोरिया सीट पर सबसे कम पांच उम्मीदवार हैं।

पहले चरण की 71 सीटों पर हो रहे चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जदयू 71 में से 35 सीटों पर चुनाव लड़ रही जबकि उसकी सहयोगी भाजपा 29 सीटों पर चुनावी समर में है। विपक्षी राजद 42 सीटों पर और कांग्रेस 20 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...