बिहार चुनाव में इस बार बयानों को लेकर राजनीति लगातार गरमाई हुई है। इसी कड़ी में अब नीतीश कुमार और लालू यादव के बीच बिना नाम लिए ही निजी हमलों का दौर शुरू हो चुका है।
सीएम नीतीश ने पहले लालू यादव की बहू को लेकर निशाना साधा और अब बच्चों को लेकर लालू पर निजी हमले किए हैं। नीतीश ने लालू का नाम लिए बिना कहा है कि उनको बेटियों पर भरोसा नहीं था, इसलिए पैदा नौ नौ बच्चे किए।
वैशाली की जनसभा में जेडीयू उम्मीदवार के पक्ष के वोट मांगने पहुंचे नीतीश कुमार ने कहा, ‘’किसी को प्रजनन दर के बारे में क्या मालूम है। आठ- आठ, नौ- नौ बच्चा बच्ची पैदा करता है।
नीतीश ने आगे कहा बेटी पर भरोसा ही नहीं। कई बेटियां पैदा हो गईं, तब बेटा पैदा हुआ। ये कैसा बिहार बनाना चाहते हैं। यही लोग आदर्श हैं, तो सोचिए क्या बिहार का हाल होगा? कोई पूछने वाला नहीं होगा। कुछ लोगों के लिए परिवार ही सबकुछ है।’’
नीतीश ने कहा, ‘’अगर पढ़ना चाहते हो तो अपने बाप से पूछो, अपनी माता से पूछो कि कहीं कोई स्कूल था, कहीं कोई स्कूल बन रहा था, कहीं कोई कॉलेज बन रहा था? ज़रा पूछ लो राज करने का मौक़ा मिला तो ग्रहण करते रहे और जब अंदर चले गए, तो पत्नी को बैठा दिया गद्दी पर।’’
लालू यादव के समधी चंद्रिका राय इस बार जेडीयू के टिकट पर सारण से चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी बेटी ऐश्वर्या राय और तेज प्रताप के बीच रिश्तों को लेकर विवाद है, जिसे इस बार नीतीश कुमार ने चुनाव मुद्दा बना दिया। गंभीर और नपा-तुला बयान देने वाले नीतीश कुमार इस बार लगातार लालू परिवार पर आक्रमक और निजी हमले कर रहे हैं।
आपको बता दें कि ये पहला मौका नहीं है जब नीतीश कुमार ने लालू परिवार पर निजी हमला किया हो। सके पहले भी नीतीश कुमार ने भरी सभा में लालू यादव की बहू ऐश्वर्या राय को लेकर निजी हमले किये थे। और अब बेटियों को लेकर किये गए बयान से बिहार की राजनीति गरमा गयी है।