बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में आज दू़सरे चरण का मतदान जारी है। लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान खगडि़या में अपने भाई और सांसद प्रिंस राज के साथ वोट डालने पहुंचे। उन्होंने कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया। इस दौरान आसपास खड़े लोग चिराग के साथ सेल्फी लेने लगे।
चिराग ने प्रक्रियाएं पूरी कर वोट डाला। वोट डालकर बाहर निकले चिराग ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में तीनों चरण महत्वपूर्ण हैं। यह मौका मतदाताओं को पूरे पांच साल बाद मिलता है। यदि अभी चूके तो भविष्य में पछताना पड़ेगा। उन्होंने हर मतदाता से मतदान जरूर करने की अपील की।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने सीएम नीतीश कुमार पर व्यक्तिगत हमले करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह मुद्दों पर सवाल उठाते हैं। व्यक्तिगत आक्षेप किसी पर नहीं करते। उन्होंने सात निश्चय और शराबबंदी में भ्रष्टाचार पर सवाल उठाया लेकिन विरोधी व्यक्तिगत हमले कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित बिहार हम सभी का लक्ष्य है। चिराग ने बिहार के लोगों से मताधिकार का प्रयोग जरूर करने की अपील की।
Vote for Development pic.twitter.com/NjVDWaEDLN
— युवा बिहारी चिराग पासवान (@iChiragPaswan) November 3, 2020
आप को बता दे कि बिहार विधानसभा के दूसरे चरण के तहत 94 विधान सभा क्षेत्रों में आज मतदान हो रहा है. ये सीटें राज्य के 17 जिलों में हैं, जिनमें पश्चिमी चम्पारण, पूर्वी चम्पारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय,खगड़िया, भागलपुर, नालंदा और पटना शामिल हैं. दूसरे चरण के चुनाव में कुल 1463 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जिनमें 146 महिला और एक ट्रान्सजेण्डर उम्मीदवार शामिल हैं।
इस चरण में कुल 2,85,50,285 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के योग्य हैं, जिनमें 1,35,16,271 महिला और 980 ट्रान्सजेण्डर मतदाता भी शामिल है। महाराजगंज विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 27 उम्मीदवार और दरौली विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम चार उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
दूसरे चरण में बीजेपी के 44, जेडीयू के 34, आरजेडी के 52 उम्मीदवार, कांग्रेस के 22, सीपीआई और सीपीएम के 4-4 उम्मीदवार के अलावा रालोसपा के 33, बसपा के 31 और लोजपा के 44 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।