बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के चुनाव मतदान को लेकर चुनावी प्रचार का दौर जारी है। इसको लेकर पटना पहुंचे केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के 10 लाख नौकरी देने की घोषणा के संबंध में उन्होंने कहा, ” दूसरे चरण के मतदान में हम शानदार प्रदर्शन करने जा रहे हैं और मुझे लग रहा है कि प्रधानमंत्री के आने के बाद पूरे बिहार में जो आंधी बह रही है, ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कल के बाद बिहार में तूफान आ जायेगी। मुझे लगता है कि एनडीए स्पष्ट बहुमत ही नहीं बल्कि तीन चौथाई से अधिक सीट लाएगी।”
अश्विनी कुमार चौबे ने तेजस्वी यादव पर भी पलटवार किया उन्होंने आगे कहा, ” जो बेरोजगार है वहीं बेरोजगारी की बात करते हैं और उनका तो भ्रष्टाचार, अत्याचार, दुराचार और अपहरण का रोजगार रहा है।
कांग्रेस और राजद का इतिहास ही भ्रष्टाचार का रहा है, तो वो रोजगार क्या देंगे? दस लाख नौकरी देने के बदले जैसे उनके पिता ने छपरा में एक लाख नौकरी के बदले करोड़ों वसूल लिए थे जिसके लिए धरणा प्रदर्शन भी होता था, वे भी ऐसा ही करेंगे।”
केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा, ” ये अपने पहले कलम से पहला भ्रष्टाचार का इतिहास लिखेंगे और उन्हें कैबिनेट मिलने से रहा। वो भले मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं पर ये सपना बिहार में नहीं चलने वाला। यहां तो एनडीए का विकास चलेगा। बिहार में डबल इंजन की सरकार है इसके आगे डबल युवराज नहीं चलेंगे और ये तमाम लोग 10 तारीख के बाद बंगाल की खाड़ी में दिखाई देंगे।”
केंद्रीय मंत्री कहा, “लालू यादव के ट्वीट पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि जो स्वयं ट्रबल में है, उन्हें तो डबल इंजन ट्रबल ही दिखेगा। लेकिन यहां विकास ही विकास है और ये इंजन कभी भी एक्सीडेंट होने वाला नहीं है।”
अश्विनी कुमार चौबे ने कहा जंगलराज के जो दो युवराज हैं वो वास्तव में बिहार के लिए यमराज हैं। उन्होंने कहा कि अब जनता समझदार हो चुकी है। उन्हें दोनों युवराज नहीं चाहिए बल्कि विकास का मॉडल चाहिए और इस बार जनता भारी मतों से एनडीए को जीत दिलाकर दोनों युवराजों को यमराज के पास भेज देगी।
अश्विनी चौबे ने कहा कि बिहार में इस बार एनडीए की सरकार आना तय है। पहले चरण के मतदान में जनता ने एनडीए को भारी संख्या में वोट दिया है। जनता का यही प्यार दूसरे चरण में भी जरूर देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने संकल्प लिया है कि इस बार एनडीए को विकास के मुद्दे पर वोट देगी और वापस सरकार बनाएगी।