बिहार में सभी 243 विधानसभा सीटों के नतीजे घोषित हो गए हैं। प्रदेश में सत्ताधारी एनडीए ने 125 सीटें जीत ली हैं, और बहुमत का जादुई आंकड़ा प्राप्त कर लिया है। नीतीश कुमार की जेडीयू ने इस बार बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। एनडीए के इस जीत को लेकर केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने नीतीश कुमार को मैन ऑफ़ द मैच बताया है।
अश्विनी चौबे ने कहा है, ‘’नीतीश कुमार के पास बड़ा अनुभव है। पार्टी ने तय किया है कि चाहे जो भी हो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही रहेंगे। नीतीश कुमार मैन ऑफ द मैच हैं। आईपीएल जैसे मैच में बहुत अच्छे और कुशल बैट्समैन के तौर पर नीतीश जी सामने आए। वे किसी भी पिच पर बैट्समैन की भूमिका निभा सकते हैं।’’
बिहार में डबल इंजन ही चलेगा. pic.twitter.com/ro8uYe576O
— Ashwini Kr. Choubey (@AshwiniKChoubey) November 10, 2020
उन्होंने ट्वीट कर कहा एनडीए को स्पष्ट बहुमत देने के लिए बिहार की जनता का हार्दिक आभार। यह जीत आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति बिहार की जनता की आस्था और समर्थन की जीत है। बिहार की जनता को आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नीतियों व कार्यक्रमों पर पूरा भरोसा है।
एनडीए को स्पष्ट बहुमत देने के लिए बिहार की जनता का हार्दिक आभार। यह जीत आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के प्रति बिहार की जनता की आस्था और समर्थन की जीत है। बिहार की जनता को आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नीतियों व कार्यक्रमों पर पूरा भरोसा है।
— Ashwini Kr. Choubey (@AshwiniKChoubey) November 10, 2020
बता दें कि एनडीए में शामिल बीजेपी ने इस चुनाव में जेडीयू से ज्यादा सीटें जीती हैं। बीजेपी ने 74 सीटों पर जबकि जेडीयू ने 43 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं एनडीएम में शामिल बाकी दलों विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) ने 4 सीटों पर और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (एचएएम) ने भी 4 सीटों पर जीत दर्ज की है।
विपक्षी महागठबंधन में शामिल आरजेडी ने 75 सीटों पर जीत दर्ज की है। वह इस चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनी। महागठबंधन में शामिल कांग्रेस ने 19 सीटों पर, भाकपा माले ने 12 सीटों पर, भाकपा और माकपा ने दो-दो सीटों पर जीत दर्ज की है। इस बार एनडीएस से अलग होकर चुनाव लड़ने वाली चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी एक सीट जीती है।