आज बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान शुरू हो चुका है। वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू हुई है। लेकिन, मतदान की शुरुआता में ही ईवीएम में गड़बड़ी की खबरें मिली हैं।
बड़हिया के मतदान केंद्र संख्या 33 पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह अपना वोट डालने पहुंचे थे। लेकिन, यहां मतदान से पहले ही ईवीएम में गड़बड़ी हो गई। चुनाव अधिकारियों ने फौरन मशीन को बदलवाया।
पहले मतदान फिर कोई काम।
लोकतंत्र के महापर्व में मैंने भाग लिया ..आप सब भी इसमें भाग ले ..विकास के लिए वोट करे। pic.twitter.com/eOEXStPdsN— Shandilya Giriraj Singh (@girirajsinghbjp) October 28, 2020
अपने मताधिकार का प्रयोग करने से पहले गिरिराज सिंह ने मंदिर में दर्शन किए।
बड़हिया में मतदान से पहले माँ बाला त्रिपुर सुंदरी के दरबार मे पूजा अर्चना किया । pic.twitter.com/0m8yJmfrGx
— Shandilya Giriraj Singh (@girirajsinghbjp) October 28, 2020
वोटिंग से पहले गिरिराज सिंह ने कहा कि महागठबंधन के नेता विकास पर बात करने से कतरा रहे हैं और नहीं चाहते कि प्रदेश में हुए विकास की चर्चा की जाए।सिंह ने कहा कि महागठबंधन के नेताओं ने अपने चुनावी पोस्टरों से अपने माता-पिता को भी हटा दिया ताकि 15 साल पुरानी तस्वीर सामने ना आए।
गिरिराज सिंह बोले कि अगर आपको विरासत में राजनीति मिली है, तो आपको उसका गुणा भाग करके लोगों को सच्चाई बतानी होगी।
बिहार में पहले चरण में 16 जिलों की 71 विधानसभा सीटों के लिए बुधवार को मतदान हो रहा है। पहले चरण की वोटिंग में 2.14 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 1066 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।
इन 1066 प्रत्याशियों में 114 महिला और 952 पुरुष हैं। इस चुनाव में करीब आठ मंत्रियों की किस्मत का फैसला होना है। पहले चरण में 71 विधानसभा सीटों के लिए आज वोटिंग हो रही है। इसमें 2.14 करोड़ से ज्याादा मतदाता 1066 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं।
बिहार चुनाव के पहले चरण की 71 सीटों में से तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन की ओर से आरजेडी 42 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि उसके सहयोगी कांग्रेस 21 और सीपीआई माले 8 सीटों पर चुनावी मैदान में है।
वहीं, नीतीश की अगुवाई वाले एनडीए की ओर से जेडीयू 35 सीटों पर चुनावी मैदान में उतरी है जबकि उसकी सहयोगी बीजेपी 29, जीतनराम मांझी की हिंदुस्तान आवाम मोर्चा 6 और वीआईपी एक सीट पर चुनाव लड़ रही है।
पहले चरण की 54 सीटों पर एनडीए और महागठबंधन के बीच सीधा और बाकी 17 सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना नजर आ रही है।आप को बता दे कि सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर लोगों की कतारें नजर आ रही हैं।
बिहार पहला ऐसा राज्य है जहां कोरोना काल में चुनाव हो रहे हैं। मतदान के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखा जाएगा। पोलिंग बूथ पर कर्मचारी ग्लव्स और मास्क में नजर आ रहे हैं। केंद्रों पर सैनिटाइजर रखा हुआ है। मतदाताओं को हाथ सैनिटाइज करने के बाद ही वोटिंग करने दी जा रही है।