बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का वोटिंग जारी है। इस बीच राजनीतिक दलों की बयानबाजियां भी जारी हैं। रैली और सोशल मीडिया के जरिए राजनेता जनता से अपने पक्ष में वोट डालने की अपील भी कर रहे हैं।
लेकिन ऐसी ही एक अपील कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को महंगी पड़ सकती है। इस बीच कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के एक ट्वीट को लेकर विवाद हो गया है। दरअसल, राहुल ने अपने ट्वीट में महागठबंधन के पक्ष में मतदान की अपील की थी।
दूसरी ओर भाजपा राहुल के इस ट्वीट पर आपत्ति जताते हुए चुनाव आयोग से शिकायत कर सकती है। दरअसल कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक ट्वीट किया था। इस ट्वीट में उन्होंने लोगों को मतदान की शुभकामनाएं दी थी। इसके साथ ही राहुल ने वोटर्स से महागठबंधन के लिए वोट करने की अपील की थी।
कांग्रेस नेता की इसी अपील पर अब विवाद बढ़ गया है। बीजेपी राहुल गांधी की इसी अपील को लेकर चुनाव आयोग का रुख करने जा रही है। बीजेपी का कहना है कि मतदान वाले दिन इस तरीके से किसी राजनीतिक पार्टी के लिए वोट करने की अपील करना आचार संहिता का उल्लंघन है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बुधवार को मतदाताओं से न्याय, रोजगार और किसान-मजदूर के लिए महागठबंधन के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, इस बार न्याय, रोजगार, किसान-मज़दूर के लिए आपका वोट हो सिर्फ़ महागठबंधन के लिए। बिहार के पहले चरण के मतदान की आप सभी को शुभकामनाएं।
https://twitter.com/RahulGandhi/status/1321285899028758529?s=20
बता दें कि बिहार में कांग्रेस पार्टी और राजद अन्य दलों के साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरी हैं, इसे महागठबंधन का नाम दिया गया है। जबकि महागठबंधन ने राजद नेता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है।
जबकि भारतीय जनता पार्टी ने नीतीश कुमार की जदयू के साथ मिलकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के तहत चुनाव में उम्मीदवार उतारे हैं। नीतीश कुमार को राजग की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बताया गया है।
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बुधवार को 71 सीटों पर मतदान हो रहा है। पहले चरण के मतदान में करीब दो करोड़ 14 लाख 84 हजार 787 मतदाता अपने मताधिकारों का उपयोग करेंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में होने हैं। दूसरे और तीसरे चरण का मतदान क्रमश: तीन और सात नवंबर को होगा। जबकि 10 नवंबर को मतगणना होगी।