बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत प्रदेश के 17 जिलों की 94 विधानसभा सीटों पर आज मतदान शुरू हो गया है। इस चरण में करीब 2.85 करोड़ मतदाता चुनाव मैदान में उतरे 1500 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा की एक तिहाई सीटों पर इस चरण में मतदान होगा। ये 94 विधानसभा सीटें 17 जिलों में स्थित हैं।
इस चरण में जिन प्रमुख उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा उनमें राजद के तेजस्वी यादव शामिल हैं। तेजस्वी विपक्षी महागठबंधन की और से मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी हैं। तेजस्वी यादव (31) वैशाली जिले की राघोपुर विधानसभा सीट से दूसरी बार जीत दर्ज करने के लिए चुनाव मैदान में हैं।
उन्होंने 2015 में भाजपा के सतीश कुमार को हराकर यह सीट फिर अपनी पार्टी के लिए जीती। सतीश ने 2010 में इस सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को हराया था। भाजपा ने इस बार भी सतीश कुमार को ही यादव के खिलाफ मैदान में उतारा है।
वहीं, तेजस्वी के बड़े भाई तेजप्रताप यादव हसनपुर से राजद प्रमुख लालू प्रसाद के समधी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के टिकट पर परसा से चुनावी मैदान में हैं।
इसके अतिरिक्त पथ निर्माण मंत्री और भाजपा विधायक नंदकिशोर यादव (पटना साहिब), जदयू विधायक और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार (नालंदा), भाजपा विधायक और सहकारिता मंत्री राणा रणधीर सिंह (मधुबन), और जदयू नेता और राज्य मंत्री रामसेवक सिंह (हथुआ) से चुनावी मैदान में हैं।
पटना की बांकीपुर सीट से कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा भी इस चरण में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। उनका प्रमुख रूप से मुकाबला भाजपा के विधायक नितिन नबीन के साथ होगा। हरनौत (नालंदा) निर्वाचन क्षेत्र, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गाँव है, भी इस चरण में मतदान करने जा रहा है।
बिहार चुनाव के दूसरे चरण में 17 जिलों की इन 94 विधानसभा सीटें हैं. इनमें नौतन, चनपटिया, बेतिया, हरसिद्धि (एससी), गोविंदगंज , केसरिया कल्याणपुर, पिपरा, मधुबन, श्योहर, सीतामढ़ी, रुन्नीसैदपुर, बेलसंद, मधुबनी, राजनगर (एससी), झंझारपुर, फूलपरास, कुशेश्वर अस्थान (एससी), गौरा बौराम, बेनीपुर, अलीनगर, दरभंगा ग्रामीण, मीनापुर, कांति, बरुराज, पारू, साहेबगंज, बैकुंठपुर, बरौली, गोपालगंज, कुचाइकोट, भोरे (एससी), हथुआ, सीवान, ज़िरादेई, दरौली (एससी), रघुनाथपुर, दरौंदा, बरहरिया और गोरियाकोठी हैं.
इसके अलावा महराजगंज, एकमा, मांझी, बनियापुर, तरैया, मरहौरा, छपरा, गरखा (एससी), अमनौर, परसा, सोनपुर, हाजीपुर, लालगंज, वैशाली, राजा पाकर (एससी), राघोपुर, महनार, उजियारपुर, मोहिउद्दीननगर, विभूतिपुर, रोसेरा (एससी), हसनपुर, चेरिया-बरियारपुर, बछवारा, तेघरा, मटिहानी, साहेबपुर कमाल, बेगूसराय, बखरी (एससी), अलौली (एससी), खगड़िया, बेलदौर, परबत्ता, बिहपुर, गोपालपुर, पीरपैंती (एससी), भागलपुर, नाथनगर, अस्थावन, बिहारशरीफ, राजगीर (एससी), इस्लामपुर, हिलसा, नालंदा, हरनौत, बख्तियारपुर, दीघा, बांकीपुर, कुम्हरार, पटना साहिब, फतुहा, दानापुर, मनेर, फुलवारी (एससी) पर आज मतदान होंगे।
इस चरण में कुल 1463 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जिनमें 146 महिला तथा एक ट्रान्सजेण्डर उम्मीदवार शामिल हैं। कुल 2,85,50,285 मतदाता हैं, जिनमें 1,35,16,271 महिला और 980 ट्रान्सजेण्डर मतदाता हैं।
महाराजगंज विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 27 उम्मीदवार तथा दरौली विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम चार उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
इस चरण में राजग में शामिल भाजपा के 46 एवं जदयू के 43 और वीआईपी के पांच उम्मीदवार मैदान मे हैं। विपक्षी महागठबंधन में शामिल राजद के 56 उम्मीदवार, कांग्रेस के 24, वामदलों के 14 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। लोकजनशक्ति पार्टी के 52 उम्मीदवार मैदान में हैं।
इन सीटों में से दो पर 2015 में राजग के साथी के तौर पर लोजपा ने जीत दर्ज की थी। रालोसपा के 36, बसपा के 33 तथा लोजपा के 52प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपना-अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
द्वितीय चरण में वैसे मतदान केन्द्र जहाँ मतदान का समय सामान्य समय (पूर्वाहन 07:00 बजे से अपराहन 06:00 बजे तक) से भिन्न होगा उनमें दरभंगा जिला का कुशेश्वरस्थान एवं गौडाबौराम, मुजफ्फरपुर का मीनापुर, पारू एवं साहेबगंज, वैशाली जिला का राघोपुर तथा खगडिया जिला के अलौली एवं बेलदौर शामिल हैं, जहां मतदान का समय सुबह सात बजे से अपराहन 4 बजे तक निर्धारित किया गया है।