अखिलेश यादव का बड़ा बयान, सरकार बनी तो चाचा होंगे कैबिनेट मंत्री
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को इटावा में ऐलान किया कि समाजवादी पार्टी 2022 में छोटे दलों से गठजोड़ करेगी, लेकिन किसी बड़े दल से कोई तालमेल नहीं करेगी।
अखिलेश ने साथ ही ऐलान किया कि चाचा शिवपाल यादव के लिये इटावा की जसवंतनगर की सीट सपा ने छोड़ दी हैं। यही नहीं सरकार बनने पर उनको कैबिनेट मंत्री बनाया जायेगा। अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी को एडजस्ट करने के बारे में भी विचार किया जायेगा।
गौरतलब है कि, वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अखिलेश और शिवपाल के बीच तल्खी बहुत बढ़ गई थी। शिवपाल ने बाद में समाजवादी पार्टी से अलग होकर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का गठन किया था।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का बयान सामने आने के बाद सियासी गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म हैं। एका की कोशिश में कभी नरम पड़े शिवपाल यादव के भी तेवर अब बदल रहे हैं। अखिलेश के प्रस्ताव पर शिवपाल ने कहा कि कोई क्या कह रहा है हमें इसमें नहीं पड़ना है। हम संगठन को मजबूत करने में लगे हुए हैं, जिससे 2022 में बीजेपी को सत्ता से बाहर किया जा सके।