नई दिल्ली : रेलवे से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे मंत्रालय ने वैश्विक महामारी कोरोना का प्रकोप कम होने के साथ ही स्पेशल ट्रेनों का परिचालन बंद करने और नियमित ट्रेनों को बहाल करने का फैसला किया है। अब मेल/एक्सप्रेस स्पेशल और हॉलिडे स्पेशल ट्रेनों की सेवा अब रेगुलर ट्रेनों जैसी ही होगी। इससे यात्रियों को किराए पर राहत मिलेगी। बता दें कि कोरोना काल में यात्रियों को सफर के लिए 30 फीसदी ज्यादा किराया देना पड़ रहा था। लेकिन रेल यात्रियों को कोरोना काल से पूर्व में मिलने वाली कई सुविधाएं नहीं मिलेंगी।
कोविड-19 महामारी के कारण देश में 25 मार्च 2020 से ट्रेन सेवा अस्थाई तौर पर रोक दी गई थी। रेलवे के 166 साल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ। हालांकि इस दौरान ट्रेन से माल की आवाजाही चालू रही, केवल यात्री ट्रेनें बंद हुईं। इसके बाद मई 2020 से पहले श्रमिक स्पेशल ट्रेनों और बाद में स्पेशल ट्रेनों के रूप में भारतीय रेल ने फिर से दौड़ना शुरू किया। रेगुलर ट्रेनों के नंबर में बदलाव कर उन्हें स्पेशल ट्रेनों के रूप में संचालित किया गया। इन ट्रेनों में नॉर्मल से 30% ज्यादा किराया वसूला जा रहा था।
रेल मंत्रालय ने सर्कुलर में कहा कि अगले कुछ दिनों में रेग्युलर ट्रेनों का परिचालन लागू हो जाएगा। कोरोना काल में रेग्युलर ट्रेनों को स्पेशल ट्रेन बनाकर चलाया जा रहा था। ट्रेन नंबर से पहले जीरो (0) लगाकर इन्हें स्पेशल ट्रेन के तौर पर चलाया जा रहा था। रेलवे के ताजा फैसले का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि रेल यात्रियों को अब यात्रा के लिए अतिरिक्त किराया नहीं चुकाना होगा। स्पेशल का दर्जा होने के कारण यात्रियों से ज्यादा किराया वसूला जा रहा है। सामान्य होते ही ट्रेनों का किराया कम हो जाएगा। यह बड़ी राहत की बात है।
ये सुविधाएं नहीं मिलेगी
रेलवे के सर्कुलर में कहा गया है कि एडवांस में बुक हो चुकीं टिकटों पर रेलवे की ओर से न ही कोई अतिरिक्त किराया वसूल किया जाएगा और न ही कोई पैसा वापस किया जाएगा। रेलवे का यह भी कहना है कि भले ही स्पेशल किराया खत्म किया जा रहा है लेकिन ट्रेनों का किराया प्री-कोविड लेवल पर ही रहेगा। पहले की तरह कंबल, कंसेशन और पैंट्री की सुविधा बहाल नहीं होगी।
ट्रेनों के नियमित परिचालन के बावजूद राजधानी और शताब्दी जैसी प्रीमियम ट्रेनों में भी पैंट्री में कोरोना काल वाली स्थिति रहेगी। यानी कुक्ड फूड नहीं मिलेगा बल्कि रेडी टु ईट फूड मिलेगा। जनरल टिकट वाला सिस्टम भी खत्म होने जा रहा है। साथ ही कोरोना काल से पूर्व यात्रियों की मिलने वाली विशेष छूट भी बहाल नहीं की गई है। इसमें बुजुर्गों को रेल किराए में मिलने वाली छूट भी शामिल है।