निवाड़ी जिले की धार्मिक और पर्यटन नगरी ओरछा में बेतवा नदी में नहाते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बहाव की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक पानी में बह गया, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही SDRF और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, पृथ्वीपुर निवासी विवेक सोनी उर्फ किट्टू अपने दोस्तों के साथ ओरछा घूमने आया था। घूमने के दौरान वह बेतवा नदी में नहाने के लिए उतरा, लेकिन अचानक तेज बहाव के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहराई में बह गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। नदी किनारे बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, वहीं परिजन भी मौके पर पहुंचकर युवक की सलामती की प्रार्थना करते नजर आए।
फिलहाल SDRF की टीम द्वारा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे तेज बहाव वाले नदी क्षेत्रों में सावधानी बरतें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।