रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश में आगामी अप्रैल का महीना बीयर पीने वालों के लिए खुशखबरी लेकर आने वाला है । जी हां, यूपी में अब बीयर सस्ती बिकेगी । बता दें कि अगले वित्तीय वर्ष में लाइसेंस की कीमतों में बदलाव किया जा रहा है । जिसके चलते लोग सस्ते दामों में बीयर खरीद सकेंगे ।
राज्य के आबकारी विभाग ने इस मामले में जानकारी दी । उन्होंने बताया कि ‘एक अप्रैल से राज्य में बीयर के दाम कम हो जाएंगे. जबकि शराब की कीमतों में कुछ बढ़त देखने को मिलेगी ।’

उत्तर प्रदेश शराब विक्रेता वेलफेयर एसोसिएशन के महामंत्री कन्हैया लाल मौर्य ने बीयर के दामों को लेकर बताया कि राज्य में अभी एक बीयर की केन सामान्यतया 130 रूपये की बिकती है । राज्य में बीयर की खपत को बढ़ाने के लिए एक केन की कीमत 20 रुपये तक कम की जा सकती है । महामंत्री का कहना है कि बीयर के दाम कम होने से इसकी खपत में 15 से 20 प्रतिशत तक की बढ़त देखने को मिल सकती है ।
जहां एक तरफ बीयर पीने वालों के लिए अच्छी खबर है । वहीं, दूसरी तरफ शराब की बढ़ती कीमत लोगों के जेब पर असर डालने वाली है । शराब की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है । दरअसल, एक अप्रैल से शुरू हो रहे नए वित्तीय वर्ष से लाइसेंस की कीमतों में बदलाव किया जा रहा है । जिसके प्रभाव शराब की कीमत पर भी पड़ेगा ।
राज्य में शराब के लाइसेंस के लिए अब लोगों को साढ़े सात प्रतिशत तक की अधिक कीमत चुकानी होगी । जिसके चलते लोगों को शराब के एक क्वार्टर के लिए 15 से 20 प्रतिशत तक ज्यादा कीमत चुकानी होगी ।
जबकि प्रदेश में बीयर की बिक्री के लिए आवंटित होने वाले लाइसेंस की कीमत में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।