बांदा जिला मामला : अखिलेश यादव ने यूपी की योगी सरकार पर निशाना साधा
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में आठ साल के मासूम की अपहरण के बाद हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मंगलवार को बच्चे का शव तालाब किनारे पड़ोस में पराली में दबा मिला। बच्चे की गला दबाकर हत्या की गई है। उसके शरीर पर चोट के भी निशान मिले हैं। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है। उधर, इस मामले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी की योगी सरकार पर निशाना साधा है।
अखिलेश ने कहा, शासन-प्रमुख झूठ गढ़ने में व्यस्त हैं और उनका प्रभामंडलीय उच्च प्रशासन उनके ‘दिव्य झूठ’ को सत्य बनाने के फ़र्ज़ीवाड़े में। निंदनीय!
पूरा मामला जनपद के थाना विसंडा अन्तर्गत ग्राम चौसड का है। सोमवार को सुबह करीब 11 बजे से राजेश कुशवाहा का आठ वर्षीय पुत्र प्रिंस घर से लापता हो गया था। परिजनों ने दोपहर तीन बजे थाना विसंडा में मामले की सूचना दी।
परिजनों द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद भी मासूम नहीं मिला। मंगलवार की सुबह प्रिंस का शव तालाब किनारे पड़ोस में पराली में दबा मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सहित भाजपा के बबेरू विधायक और सपा के जिलाध्यक्ष सहित कई कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए।
बबेरू विधायक ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह बहुत ही अप्रिय घटना है और परिजनों के साथ हमारी संवेदनाए भी जुड़ी हैं। वहीं, सपा के जिलाध्यक्ष ने भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा भाजपा सरकार में लूट, डकैती, अपहरण, रेप और हत्याएं आम बात हो गई है, जिससे जनता भयभीत है।
बाँदा में एक अध्यापक के 8 साल के इकलौते बेटे के अपहरण व हत्या से उप्र के बाल-बच्चे वाला हर परिवार दहल गया है. श्रद्धांजलि!
शासन-प्रमुख झूठ गढ़ने में व्यस्त हैं और उनका प्रभामंडलीय उच्च प्रशासन उनके ‘दिव्य झूठ’ को सत्य बनाने के फ़र्ज़ीवाड़े में.
निंदनीय!#नहीं_चाहिए_भाजपा
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) October 20, 2020
मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक सिद्धत शंकर मीणा ने आक्रोषित परिजनों और ग्रामीणों को समझाया और जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे डालने का आश्वासन देकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि बच्चे के शरीर में कई चोट के निशान मिले हैं और बच्चे की हत्या गला दबा कर की गई है।सूचना मिलते ही बच्चे के घर और गांव में कोहराम मच गया। पूरा गांव मासूम को देखने पहुंच गया।