बागपत: 26 अक्टूबर बड़ौत थाना क्षेत्र से सोमवार की सुबह अगवा हुए लोहा व्यापारी आदेश जैन को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। अगवा व्यापारी की बरामदगी के लिए पुलिस की आठ टीम के साथ एसटीएफ को लगाया गया था। सात घंटे की मशक्कत के बाद व्यापारी को हरियाणा यूपी बॉर्डर के पास से बरामद किया गया है।
इस संबंध में एडीजी मेरठ जोन राजीव सम्भरवाल ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि सोमवार की सुबह करीब छह बजे लोहा व्यापारी आदेश जैन अपने गोदाम से माल उतरवाने के लिए घर से निकले थे।
जिसके बाद उनका अपहरण हो गया था। इसके बाद अपहरणकर्ताओं ने उनके परिजनों से एक करोड़ की फिरौती मांगी थी। जिसके बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी।
एसपी बागपत अभिषेक सिंह के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें खुलासे में लगी थी। सीसीटीवी कैमरे खंगाले गये और बदमाशों की पहचान व गाड़ी को ट्रेस करने के लिए जनपद के सभी बॉर्डर सील कर दिये गये।
अपनी घेराबंदी देखकर बदमाश व्यापारी आदेश जैन को यूपी हरियाणा से सटे रटौल के जंगलों में गाड़ी सहित छोड़कर फरार हो गये। इसके बाद पुलिस ने उन्हें सकुशल बरामद कर लिया है।
एडीजी राजीव सम्भरवाल ने यह कहा कि अभी तक ये साफ नहीं हो पाया कि बदमाश कौन थे और किस गैंग के लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस की टीमों को बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगाया गया है।
पुलिस लाइन में पूछताछ के दौरान अपहरणकर्ताओं के चुंगल से छूटे अपहृत आदेश जैन ने बताया कि तीन लोगों ने उसका अपहरण किया था। अपहरण करते ही उसकी आंखे बंद कर दी।
वो बात कर रहे थे कि गलत आदमी का अपहरण कर लिया है। उनकी आवाज हरियाणा और यूपी से मिलती जुलती लग रही थी।
एडीजी राजीव सम्भरवाल ने भरोसा दिलाया है कि भले ही बदमाशों द्वारा व्यापारी को छोड़ दिया गया हो, लेकिन बदमाशों को बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफत में होगें। पुलिस को अहम सुराग मिले हैं।