दिल्ली में कोरोना के आंकड़ों में अब तक का सबसे बड़ा उछाल देखने को मिल रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इसे कोरोना की तीसरी लहर पहले ही बता चुके हैं।
इस बीच सीएम केजरीवाल की ओर से दिये गये एक बयान में कहा गया है कि दिल्ली में कोरोना की तीसरी लहर है, जिस तरह हम सब ने मिलकर अब तक कोरोना की दो लहर का सामाना किया है, उसी तरह तीसरी लहर भी जल्द खत्म हो जाएगी।
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से मास्क पहनने को ‘जन आंदोलन’ बनाने की गुहार लगाई है। शुक्रवार सुबह एक सरकारी कार्यक्रम में पहुंचे सीएम केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली ने कोरोना का सामना सबसे कठिन परिस्थितियों में किया है।
मार्च में इटली, फ्रांस, लंदन से बीमार इंडियन्स, फ्लाइट्स से दिल्ली पहुंचे थे। लगभग 32 हजार लोग दिल्ली के कोने कोने में फैल गए थे। कोरोना की तीसरी लहर का ज़िक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा कि कोरोना वायरस की यह तीसरी लहर है।
पहले जून के महीने में, 23 जून को सबसे ज्यादा मामले आए थे। हम सब दिल्ली के लोगों ने मिलकर कोरोना का मुकाबला किया और उसे कम किया। उसके बाद अगस्त में थोड़े-थोड़े मामले बढ़ने लगे और 17 सितंबर को ज्यादा केस आए।
इसके बाद फिर केस कम होने लगे थे। अब यह कोरोना की तीसरी लहर आई है। आज तक हमें हर काम में दिल्ली के लोगों का साथ मिला है। मैं उम्मीद करता हूं कि जैसे हमने अभी तक कोरोना की दो लहर का सामना किया और कोरोना को भगाया है, उसी तरह अब तीसरी लहर भी जल्द ही खत्म हो जाएगी।
सीएम ने आगे कहा, ‘कोरोना पर काबू पाने के लिए जबतक दवाई नहीं आती मास्क ही दवाई है। कई लोग मास्क तो पहन रहे हैं लेकिन नाक के नीचे या गर्दन पर सरकार कर रखते हैं।
समझता हूं कि सांस लेने में दिक्कत होती है लेकिन खुद को बचाने का कोई अन्य तरीका नहीं है। दिल्ली वालों से अपील करता हूं कि उन्हें मास्क पहनने को जन-आंदोलन बनाना होगा।
डेगूं से दिल्ली में इस बार एक भी मौत न होने का श्रेय अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों को दिया और कहा कि कोरोना पर भी मिलकर काबू पाना है। सीएम केजरीवाल ने कहा कि हम सब लोगों ने डेंगू का मुकाबला किया।
उन्होंने आगे कहा मुझे याद है कि जब 2015 में हमारी सरकार बनी थी, उस दौरान डेंगू के काफी ज्यादा केस थे, अस्पतालों के अंदर बेड़ नहीं मिल रहे थे, और 2015 में डेंगू से काफी मौत हुई थी।
केजरीवाल ने आगे कहा यह हमारी सरकार का पहला साल था। हमने धीरे-धीरे करके 5 साल में डेंगू पर काबू पा लिया। पिछले साल डेंगू से एक भी मौत नहीं हुई थी और इस साल भी डेंगू से एक भी मौत नहीं हुई। हम सब दिल्ली के लोगों ने मिलकर डेंगू के खिलाफ आंदोलन छेड़ा। अब इस कोरोना पर भी काबू पाना है।