पश्चिम बंगाल में जैसे जैसे विधानसभा चुनाव पास आते जा रहा है, वैसे वैसे वहाँ की राजनीति गर्माती जा रही है। ये साल सीएम ममता के लिए बिलकुल अच्छा साबित नहीं हो रहा है। अब खबर आ रही है कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को एक के बाद एक झटका लग रहे हैं।
ताजा खबर यह है कि ममता सरकार में वन मंत्री राजीब बनर्जी ने इस्तीफा दे दिया है। माना जा रहा है कि वे बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। मिली जानकारी के अनुसार राजीब बनर्जी ने ममता बनर्जी को इस्तीफा भेज दिया है।
बनर्जी ने मुख्यमंत्री को लिखे अपने पत्र में कहा, “मुझे यह बताते हुए खेद है कि आज 22 जनवरी 2021 को मैंने कैबिनेट मंत्री के पद से अपने कार्यालय से अपना इस्तीफा दे रहा हूं।”
राजीब बनर्जी भी ममता बनर्जी की कार्यशैली और पार्टी में उनकी भतीजे की दखल अंदाजी से नाखुश चल रहे थे। सुवेंदू अधिकारी के बाद यह ममता बनर्जी को दूसरा बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है।
हालांकि राजीब बनर्जी ने अभी आधिकारिकतौर पर नहीं कहा है कि वे बीजेपी में शामिल होंगे, लेकिन यह तय माना जा रहा है। आप को बता दें कि अब तक तृणमूल कांग्रेस के 16 विधायक बीजेपी में शामिल हो चुके हैं।
बता दें, चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा है। 30 मई को मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा है। माना जा रहा है कि चुनाव आयोग किसी भी दिन चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। इस बार इलेक्शन में सीधा मुकाबला बीजेपी और सत्तारुढ़ टीएमसी के बीच है। बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है और पार्टी के नेता पूर्ण बहुमत का दावा कर रहे हैं।