चक्रवाती तूफान अम्फाम तेजी से ओडिशा और पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ता जा रहा है। इसी को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार का ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, अमित शाह ने सबसे पहले पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी से बात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है उन्होंने कहा कि केंद्र राज्य की मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसके बाद गृह मंत्री ने ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक से बात कर अम्फाम तूफान को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार दोनों राज्यों को हर तरह की सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है।
शाह ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम को पहले ही तैनात किया जा चुका है। मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार, चक्रवात के चलते ओडिशा के तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने के साथ ही भारी बारिश हो सकती है। करीब 195 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से अम्फाम तूफान 20 मई तक पश्चिम बंगाल के तट पर पहुंचेगा। जिसके बाद ओडिशा सरकार ने तटीय इलाकों से 11 लाख लोगों को निकालने का काम शुरू कर दिया है।