1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. पश्चिम बंगाल में अमित शाह ने रखा 200 का टारगेट, TMC सांसद बोले- ये गृह मंत्री की कल्पना

पश्चिम बंगाल में अमित शाह ने रखा 200 का टारगेट, TMC सांसद बोले- ये गृह मंत्री की कल्पना

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
पश्चिम बंगाल में अमित शाह ने रखा 200 का टारगेट, TMC सांसद बोले- ये गृह मंत्री की कल्पना

पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज है। गृहमंत्री अमित शाह दो दिन के दौरे पर बंगाल पहुंचे हैं। शाह ने गुरुवार को सैकड़ों बीजेपी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और अगले साल होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं के सामने 294 में से 200 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। शाह ने बांकुरा दौरे पर पार्टी मीटिंग के दौरान करीब 250 कार्यकर्ताओं से कहा, ‘जोश से नहीं, होश से काम करो।’

उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल में इस बार परिवर्तन होने वाला है। हालांकि इसी के साथ यह भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या बंगाल के ममता राज में बीजेपी के लिए यह लक्ष्य पाना मुमकिन है?

अमित शाह ने इसके पीछे 2019 लोकसभा चुनाव का तर्क दिया है। 2019 लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने 42 में से 22 सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया था। पार्टी ने उस चुनाव में 18 सीटें जीती थीं।

अमित शाह ने यह भी कहा कि बंगाल के लोगों में ममता सरकार के प्रति नाराजगी है। बंगाल के लोगों को बीजेपी सरकार पर भरोसा है। उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं से ममता सरकार को जड़ से उखाड़ने का आवाह्न किया है।

अमित शाह के इस बयान के बाद कार्यकर्ता भी पूरे जोश में आ गए और सभास्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उन्होंने कहा बीजेपी दो तिहाई बहुमत के साथ बंगाल में सरकार बनाएगी. बंगाल में 294 विधानसभा सीटें हैं, इसका दो तिहाई 196 होता है।

सत्ता पाने का जादुई आंकड़ा 148 है. बीजेपी के समीकरण के अनुसार, 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी 120 विधानसभा सीटों पर आगे चल रही थी। पार्टी नेताओं को विश्वास है कि सीटों के इस बड़े अंतर को वह 2021 में पाट सकेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री के 200 सीटें जीतने की बात पर सबसे पहली प्रतिक्रिया तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगाता रॉय की ओर से आई। उन्होंने कहा, ‘उनके पास मुख्यमंत्री पद का चेहरा नहीं है, उनके पास कैडर नहीं है, उनके पास समर्थन नहीं है। बिहार चुनाव का नतीजा दिखाएगा कि प्रधानमंत्री मोदी का करिश्मा अब धुंधला पड़ रहा है। उनके पास बंगाल में कोई उम्मीद नहीं है। ये महज अमित शाह की कल्पना है।’

गुरुवार को बांकुरा में बीजेपी की संगठन बैठक में अमित शाह ने हिस्सा लिया। इस दौरान शाह ने बीजेपी कार्यकर्ताओं से कठिन परिश्रम करने का संकल्प लेने का आह्वान किया ताकि 200 सीटों के लक्ष्य को पाया जा सके।

मीटिंग में उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी प्रदेश इकाई को सत्ता में आने के लिए तृणमूल कांग्रेस से कड़ा मुकाबला करना होगा।

हालांकि बीजेपी के लिए 200 सीटों का लक्ष्य इतना आसान नहीं है। यह सच है कि बंगाल में राजनीतिक हिंसा और बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्याओं से ममता सरकार की किरकिरी हुई है लेकिन बीजेपी की बंगाल भेदने की हर रणनीति को लेकर वह चौकन्ना भी हैं। वह बीजेपी की हर चाल को एक कदम आगे जाकर मात देने में लगी हैं।

अमित शाह ने गुरुवार को आदिवासी और शरणार्थी परिवारों के साथ दोपहर का भोजन किया। तो उधर ममता बनर्जी ने नवान्न में आदिवासी, पिछड़े और अनुसूचित जातियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनके लिए कई कल्याणकारी योजनाओं का ऐलान कर दिया।

गृहमंत्री ने पश्चिम बंगाल सरकार पर हमला करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान और आयुष्मान भारत सहित केंद्र की करीब 80 योजनाओं का लाभ राज्य के गरीबों तक नहीं पहुंच रहा है।

शाह ने कहा, ‘ममता दीदी की गलत धारणा है कि केंद्रीय योजनाओं को लागू नहीं कर वह बीजेपी को राज्य में रोक सकती हैं। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि अगर इन योजनाओं की वह अनुमति दें तो हो सकता है कि गरीब उन पर भी विचार करें।’

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...