1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. कोलकाता पहुंचे अमित शाह, दिवंगत बीजेपी नेता मदन घोराई के परिजनों से मिले, आज बांकुरा जाएंगे

कोलकाता पहुंचे अमित शाह, दिवंगत बीजेपी नेता मदन घोराई के परिजनों से मिले, आज बांकुरा जाएंगे

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
कोलकाता पहुंचे अमित शाह, दिवंगत बीजेपी नेता मदन घोराई के परिजनों से मिले, आज बांकुरा जाएंगे

केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दो दिवसीय बंगाल दौरे पर हैं। वह बुधवार रात कोलकाता पहुंचे। यहां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल राय ने उनका स्वागत किया।

राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा से पहले अमित शाह की यह यात्रा बेहद अहम है और इस दौरे पर वह स्थानीय नेताओं के साथ मिलकर चुनाव की रणनीति बनाएंगे। अमित शाह बुधवार रात कोलकाता पहुंचे। अमित शाह के दौरे को लेकर बंगाल बीजेपी में काफी उत्साह है।

यहां उन्होंने कथित तौर पर न्यायिक हिरासत में मारे गए भाजपा कार्यकर्ता मदन घोरी के परिजनों से मुलाकात की। अपहरण के आरोप में 26 सितंबर को गिरफ्तार पूर्व मिदनापुर के पटासपुर के बीजेपी बूथ उपाध्यक्ष मदन घोराई की 13 अक्तूबर को न्यायिक हिरासत में मौत हो गई थी। यह जानकारी अमित शाह ने खुद ट्वीट कर दी है। अमित शाह ने अपने ट्वीट में इस मुलाकात की कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं।

अपने ट्वीट में अमित शाह ने लिखा है, “कोलकाता में हमारे शहीद बूथ उपाध्यक्ष मदन घोराई के परिवार के साथ मुलाकात की। मैं उनके बहादुर परिवार को नमन करता हूं। पश्चिम बंगाल में अत्याचार और अन्याय के खिलाफ लड़ते हुए जिन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है बीजेपी हमेशा उन कार्यकर्ताओं की ऋणी रहेगी।”

पूर्व मिदनापुर के पटासपुर के बीजेपी बूथ उपाध्यक्ष मदन घोराई की कथित तौर पर पुलिस हिरासत में मौत की सीबीआई से जांच कराने की मांग को लेकर प्रदेश बीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल जगदीप धनखड़ से मुलाकात भी कर चुका है।

मृतक मदन के भाई स्वपन घोराई के साथ प्रदेश बीजेपी की महासचिव और सांसद लॉकेट चटर्जी, प्रदेश बीजेपी के उपाध्यक्ष और सांसद अर्जुन सिंह, बीजेपी के कानून प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिवक्ता ब्रजेश झा और राज्य कमेटी के सदस्य शंकुदेव पांडा ने राज्यपाल से मुलाकात की थी।

मुलाकात के दौरान बीजेपी नेताओं ने इस मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर राज्यपाल को एक ज्ञापन भी सौंपा था।

शाह आज सुबह बीएसएफ के हेलिकॉप्टर से बांकुरा के लिए रवाना होंगे। वहां से सड़क मार्ग द्वारा वह पुआबागान जाएंगे, जहां वह बिरसा मुंडा की मूर्ति पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद सवह बांकुरा के रवींद्र भवन में संगठन की एक बैठक में हिस्सा लेंगे।

इसके बाद उनके चतुर्डिही गांव जाने की योजना है, जहां वह एक आदिवासी परिवार के यहां भोजन करेंगे। गुरुवार की रात ही उनकी कोलकाता के लिए वापसी होगी।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...